Bihar News: बेरोजगारों के लिए नीतीश का ऐलान, बिना कुछ किए हर महीने खाते में आएंगे इतने रुपये, कैसे करें अप्लाई
Bihar Election 2025 (CM Nitish Kumar announcement): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेरोजगार युवाओं को बड़ी सौगात दी है। अब तक इंटर पास छात्रों तक सीमित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है। ताजा फैसले के तहत अब स्नातक यानी ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 1000 रुपये मिलेंगे।
नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार का फोकस हमेशा युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि 2005 में सरकार बनने के बाद से ही युवाओं को नौकरी और रोजगार देना उनकी प्राथमिकता रही है। नीतीश ने दावा किया कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी कड़ी में बेरोजगारी भत्ता योजना को और व्यापक बनाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा पढ़े-लिखे युवाओं को इसका लाभ मिल सके।

🔵 सीएम नीतीश बोले- हर महीने युवाओं को दूंगा 1 हजार
सीएम नीतीश ने गुरुवार (18 सितंबर) को एक्स पोस्ट में कहा, ''मुझे बताते हुए खुशी है कि राज्य सरकार की सात निश्चय योजना के तहत चल रही मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा अब और बढ़ा दिया गया है। पहले इस योजना का फायदा सिर्फ 12वीं पास (इंटर) युवाओं को मिलता था, लेकिन अब कला, विज्ञान और कॉमर्स से स्नातक (ग्रेजुएट) पास बेरोजगार युवक-युवतियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
20 से 25 साल की उम्र के वो युवा, जो कहीं पढ़ाई नहीं कर रहे, नौकरी की तलाश में हैं, और न तो कोई स्वरोजगार करते हैं और न ही किसी सरकारी/प्राइवेट नौकरी में हैं, उन्हें हर महीने 1000 रुपये की सहायता मिलेगी। यह भत्ता ज्यादा से ज्यादा दो साल तक दिया जाएगा।''
सीएम नीतीश ने कहा कि उम्मीद है युवा इस पैसे का इस्तेमाल ट्रेनिंग लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में करेंगे, जिससे उनका भविष्य मजबूत और सुरक्षित बन सके।
🔵 कौन होंगे लाभार्थी?
नई व्यवस्था के तहत 20 से 25 साल के बीच उम्र वाले ग्रेजुएट पास युवा इसका लाभ उठा सकेंगे। लेकिन शर्त यह है कि वह कहीं पढ़ाई नहीं कर रहे हों, किसी तरह का स्वरोजगार न कर रहे हों और न ही किसी सरकारी, निजी या गैर-सरकारी नौकरी में हों। यानी, यह योजना उन युवाओं के लिए है जो सचमुच रोजगार की तलाश में हैं और तैयारी कर रहे हैं।
🔵 दो साल तक हर महीने 1000 रुपये
इस योजना के तहत लाभार्थियों को दो साल तक हर महीने 1000 रुपये मिलेंगे। सीएम नीतीश ने कहा कि इस भत्ते का इस्तेमाल युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्किल ट्रेनिंग में कर सकते हैं। उनका मानना है कि यह राशि सीधे भविष्य सुरक्षित करने का साधन बनेगी, न कि सिर्फ चुनावी वादा।
🔵 बिहार के युवा हर महीने 1 हजार के लिए कैसे करें अप्लाई?
सरकार की ओर से आवेदन प्रक्रिया जल्द ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में शुरू होने की उम्मीद है। पिछले पैटर्न को देखें तो आवेदन करने के लिए युवाओं को अपना शैक्षिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और बेरोजगारी का शपथपत्र देना होगा। सत्यापन के बाद योग्य युवाओं को सीधे उनके बैंक खाते में पैसा भेजा जाएगा।
🔵 क्या हैं शर्तें और नियम?
- आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए।
- उम्र 20 से 25 साल के बीच होनी चाहिए।
- ग्रेजुएशन पास होना चाहिए और आगे पढ़ाई न कर रहे हों।
- कोई स्वरोजगार या नौकरी न हो।
- यदि नौकरी मिल जाती है, तो उसी दिन से भत्ता बंद हो जाएगा।
🔵 बिहार के युवाओं पर क्यों हैं नीतीश सरकार का फोकस?
बिहार के बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं के लिए यह योजना किसी राहत से कम नहीं है। हर महीने 1000 रुपये भले बहुत बड़ी रकम न हो, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए यह सहारा साबित हो सकता है। साथ ही, चुनाव से पहले यह ऐलान राजनीतिक तौर पर भी नीतीश कुमार के लिए मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।
बिहार में 1 जनवरी 2025 तक कुल 7 करोड़ 80 लाख से ज्यादा वोटर हैं, जिनमें से करीब 21% यानी 18 से 29 साल की उम्र के युवा हैं। ऐसे में ये युवा किसी भी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इसी वजह से एनडीए सरकार लगातार युवाओं को लुभाने की कोशिश कर रही है। सरकार का कहना है कि जितना हो सके उतने युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा और उन्हें सशक्त बनाना ही हमारी पहली प्राथमिकता है। सरकार ने अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है।
🔵आलोचना और बचाव
नीतीश कुमार के इस कदम को विपक्षी दल चुनावी रेवड़ी कह रहे हैं। लेकिन सीएम का तर्क है कि यह सिर्फ चुनावी ऐलान नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का ठोस प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना से युवा अपने कौशल को बढ़ाकर बेहतर नौकरी पा सकेंगे और आत्मनिर्भर बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications