बिहार चुनाव जीतने के बाद नीतीश का सबसे बड़ा ऐलान, अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को देंगे नौकरी
Bihar CM Nitish Kumar: बिहार चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अगले पांच सालों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य लेकर चल रही है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में नीतीश ने याद दिलाया कि सात निश्चय-2 के तहत 2020 से 2025 के बीच ही 50 लाख युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरी मिल चुकी है। अब 2025-30 के लिए इसे दोगुना करने की तैयारी है।
नई सरकार बनने के तुरंत बाद ही उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम तेज कर दिया गया है। नीतीश ने कहा कि बिहार को नई पीढ़ी की अर्थव्यवस्था (New Age Economy) का केंद्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए राज्य से जुड़े बड़े उद्यमियों से सुझाव लेकर नीतियां तैयार की जाएंगी ताकि बिहार को 'ग्लोबल बैक-एंड हब' और 'ग्लोबल वर्कप्लेस' बनाया जा सके। इसके लिए शीर्ष विभागों, अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों की मदद से एक विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी।

बिहार को पूर्वी भारत का नया टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी
नीतीश ने माना कि बिहार की बड़ी आबादी युवा है और अगर इस ऊर्जा को सही दिशा दी जाए, तो बिहार देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन सकता है। इसी सोच के साथ राज्य में अगले कुछ वर्षों में कई बड़े प्रोजेक्ट खड़े किए जाएंगे, जिनमें-डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर,
मेगा टेक सिटी और फिनटेक सिटी शामिल हैं। साथ ही पूरे राज्य में उद्योगों का जाल बिछाने के लिए नई नीति पर काम शुरू हो चुका है।
चीनी मिलों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन तक
राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद मिलों को फिर से चालू करने की तैयारी की जा रही है। प्रमुख शहरों को आधुनिक रूप देने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन भी शुरू किया जाएगा। नीतीश ने बताया कि सभी योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी गई है।
CM नीतीश बोले- "हम जो काम शुरू करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं"
सीएम नीतीश ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार का औद्योगिक विकास तेज हुआ है और यह नई सरकार इसे दुगुनी गति से आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब वह सारी सुविधाएँ मौजूद हैं जो बड़े उद्योगों को आकर्षित करती हैं जैसे औद्योगिक कॉरिडोर, मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतर बिजली व्यवस्था, जल प्रबंधन और कुशल मानव संसाधन। आखिर में नीतीश ने कहा कि अगले 5 साल रोजगार सृजन के लिए बेहद निर्णायक होंगे और सरकार पूरी ताकत के साथ इस दिशा में काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications