Bihar Chunav LIVE Updates: 'कांग्रेस और राजद घुसपैठियों के संरक्षण में लगी हैं', सहरसा में जनसभा में गरजे पीएम
Bihar Chunav Live Updates: बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण नजदीक आते ही सियासी पारा चरम पर है। राज्य की गलियों से लेकर बड़े मंचों तक चुनावी शोर गूंज रहा है। सत्ता बचाने और सत्ता पाने की इस जंग में आज यानी 4 नवंबर का दिन बेहद अहम साबित होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मैदान में उतर रहे हैं और सहरसा व कटिहार में जनसभाओं के जरिए मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगे।
दूसरी ओर, विपक्षी नेताओं ने भी आज के दिन अपनी ताकत झोंक दी है - तेजस्वी यादव 15 जनसभाएं करेंगे, लालू यादव रोड शो पर निकलेंगे और प्रियंका गांधी तीन जिलों में जनसंपर्क करेंगी। ऐसे में बिहार की सियासत आज सबसे गरम दिन देखने जा रही है। यहां पढ़िए बिहार चुनाव से जुड़े लाइव अपडेट्स...

LIVE Feed
अमित शाह बोले – बिहार की वोटर लिस्ट से हटेंगे बांग्लादेशी घुसपैठिए
सीतामढ़ी की रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल हाल ही में यहां आए थे और ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ निकाल रहे थे। शाह ने कहा, “रीगा नेपाल सीमा के पास है, बताइए क्या बांग्लादेशी घुसपैठियों को बिहार की वोटर लिस्ट में रहना चाहिए? ये घुसपैठिए गरीबों का राशन और युवाओं की नौकरियां छीनते हैं। जो लोग बांग्लादेश से आए हैं, उन्हें यहां वोट देने या मुख्यमंत्री चुनने का अधिकार नहीं है।”
'राजद-कांग्रेस की डिक्शनरी में है सिर्फ ‘जंगल राज’ की भाषा'
सहरसा में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजद और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों की डिक्शनरी में ‘कट्टा’, अत्याचार, भ्रष्टाचार और बदतमीजी जैसे शब्द भरे हैं। मोदी ने कहा कि ‘जंगल राज’ के दौर में अफसर, व्यापारी और आम लोग सभी डर में जीते थे। उन्होंने याद दिलाया कि सहरसा के डीएसपी सत्यपाल सिंह पर भी उस समय हमला हुआ था। मोदी ने कहा कि अब नीतीश कुमार की सरकार ने जंगल राज खत्म कर सुशासन की नींव रखी है।
पीएम मोदी बोले – कांग्रेस और राजद घुसपैठियों के संरक्षण में लगी हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहरसा में कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये दल सिर्फ घुसपैठियों से जुड़े हुए हैं और उन्हें बचाने के लिए राजनीतिक यात्राएं करते हैं। उन्होंने कहा, “आप बताइए, बिहार का भविष्य आप तय करेंगे या घुसपैठिए? ये घुसपैठिए आपकी संपत्ति और संसाधनों पर कब्जा कर रहे हैं। बिहार को इनसे बचाने की जरूरत है, और हमारी सरकार इन्हें हटाने के लिए काम कर रही है।”
योगी आदित्यनाथ बोले – बिहार की पहचान मिटाने वाले अब फिर वही गलती दोहराना चाहते हैं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी बिहार की पहचान इस बात से होती थी कि कौन अधिकारी तब के मुख्यमंत्री की थूकदानी उठाएगा। उन्होंने कहा, “उस समय डीजीपी को ‘मुंशी’ और मुख्य सचिव को ‘बाबू’ कहा जाता था। राजद और कांग्रेस के इस अपवित्र गठबंधन ने बिहार की छवि को तोड़ दिया।”
योगी ने आगे कहा कि जब कोई विकास की बात करता था और सड़क बनाने का सुझाव देता था, तो लोग कहते थे—‘सड़क मत बनाइए, वरना पुलिस यहां पहुंचकर आपके काम रोक देगी।’ उन्होंने आरोप लगाया कि इन वंशानुगत लुटेरों ने वंशानुगत माफिया पैदा किए हैं और अब वही लोग फिर से सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं।
रवि किशन बोले – इस बार ऐतिहासिक जीत तय
बीजेपी सांसद रवि किशन ने दावा किया कि पार्टी इस बार अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, “हम ऐतिहासिक संख्या में सीटें और वोट हासिल करेंगे।” बीजेपी प्रवक्ता सैयद शहनवाज़ हुसैन ने उनके बयान का समर्थन करते हुए कहा, “रवि जी सही कह रहे हैं। बिहार की जनता उन्हें अपना मानती है, उन्हें सुपरस्टार बनाया और अब वे बिहार को एक सुपरस्टार मुख्यमंत्री दिलाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।”
“एक तरफ रोजगार की बात, दूसरी तरफ ‘कट्टा’ की बात”: मिसा भारती
राजद सांसद मिसा भारती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बिहार और देश दोनों का दुर्भाग्य है कि हमारे पास ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो विकास की बजाय ‘कट्टा’ जैसी बातें कर रहे हैं। मिसा ने कहा, “तेजस्वी यादव जहां रोजगार और फैक्ट्रियों की बात कर रहे हैं, वहीं देश के प्रधानमंत्री बिहार आकर हथियारों की चर्चा कर रहे हैं। जब खुद प्रधानमंत्री ऐसी भाषा बोलें, तो बाकी लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है?”
शहनवाज़ हुसैन बोले – मोदी फिर सरकार बनाएंगे
बीजेपी नेता सैयद शहनवाज़ हुसैन ने कहा कि महिला वर्ल्ड कप में भारत की जीत से देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा, “हमारी बेटियों ने भारत का नाम रोशन किया, पूरा देश खुश है।” प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर उन्होंने कहा कि नक्सल समर्थक और शहरी नक्सली अब बेचैन हैं। जनता जानती है कि मोदी फिर सरकार बनाएंगे।
बिहार की जनता तय करेगी सीएम कौन बनेगा: सम्राट चौधरी
राजद नेता तेजस्वी यादव के इस बयान पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला बिहार की जनता करेगी। सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस पर दबाव डालकर तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करवाया, लेकिन जनता एनडीए के साथ है और वही तय करेगी कि राज्य की कमान किसे मिलेगी।
गुजरात में फैक्ट्री, बिहार में बंदूक! तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर तंज
राजद नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे गुजरात में होते हैं तो फैक्टरियों और डेटा सेंटर की बात करते हैं, लेकिन बिहार में आते ही बंदूकों (‘कट्टों’) की बात करते हैं। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि देश के प्रधानमंत्री से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि सबको पता है, भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं रहने देगी।
बिना अनुमति सभा, निर्दलीय प्रत्याशी राजा रमन भास्कर पर केस दर्ज
फारबिसगंज विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार राजा रमन भास्कर उर्फ रंटू मंडल पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने सिमराहा बाजार स्थित मैदान में बिना प्रशासनिक अनुमति के चुनावी सभा का आयोजन किया था, जहां मंच पर डांस और ठुमकों के बीच अफरातफरी मच गई।
राजद जिलाध्यक्ष बीर बहादुर राय 10 साल पुराने केस में गिरफ्तार
मधुबनी जिले के झंझारपुर संगठन के राजद जिलाध्यक्ष बीर बहादुर राय को पुलिस ने फुलपरास थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ करीब दस साल पुराने दुष्कर्म के एक मामले में अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
लालू का रोड शो, तेजस्वी की 15 सभाएं
वहीं, विपक्ष की ओर से आज राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव दानापुर में पार्टी प्रत्याशी रितलाल यादव के समर्थन में रोड शो करेंगे। लालू के बेटे और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव आज 15 जगहों पर सभाएं करेंगे, जिनमें पटना के बाढ़ क्षेत्र भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications