'तेजस्वी इस जन्म में CM नहीं बनेंगे, 15 सीट जीतने में सांस फूल जाएगी', अनंत सिंह की ललकार से RJD बेचैन!
Anant Kumar Singh: बिहार की सियासत में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सात महीने जेल में रहने के बाद वे जब बुधवार (06 अगस्त) को जेल से बाहर निकले, तो मीडिया से मुखातिब होते ही उन्होंने सीधा निशाना साधा तेजस्वी यादव पर। उन्होंने कहा,"तेजस्वी यादव इस जन्म में कभी मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। अगर मेरे सामने चुनाव लड़ेंगे तो उनकी जमानत जब्त करवा दूंगा।"
अनंत सिंह ने ऐलान किया कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जेडीयू (JDU) के टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में एनडीए को 228 सीटें मिलेंगी, जबकि महागठबंधन महज 15 सीटों तक सिमट कर रह जाएगा।

तेजस्वी यादव बोले- '15 सीट जीतने में सांस फूल जाएगी'
तेजस्वी पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, "जो नेता मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं, उन्हें 15 सीटें जीतने में ही पसीना आ जाएगा। क्या उन्होंने अपने माता-पिता के दम पर लाखों युवाओं को नौकरी दिलवाई है?"
क्या अनंत सिंह का बयान तेजस्वी की राह मुश्किल करेगा?
अनंत सिंह का जेल से निकलते ही इस तरह से हमलावर होना और तेजस्वी यादव को खुली चुनौती देना निश्चित रूप से बिहार की सियासत को और गरमा देगा। विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे बयानबाजी और भी तेज होती जा रही है।
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या वाकई 'छोटे सरकार' की धमकी तेजस्वी यादव की सियासी राह में रोड़ा बनेगी, या जनता कोई नया फैसला सुनाएगी?
जेल से रिहा हुए 'छोटे सरकार', पटना हाईकोर्ट से मिली थी जमानत
अनंत सिंह की रिहाई पटना हाईकोर्ट से बेल मिलने के एक दिन बाद हुई। वे मोकामा सोनू-मोनू फायरिंग केस में पिछले सात महीने से जेल में बंद थे। 22 जनवरी 2025 की शाम मोकामा के नौरंगा इलाके में हुई गोलीबारी के बाद, पुलिस ने उन पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी, जिनमें हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट शामिल थे। उन्होंने 24 जनवरी 2025 को खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
गौरतलब है कि इस फायरिंग में अनंत सिंह की जान बाल-बाल बची थी। खबरों के मुताबिक, सोनू-मोनू गैंग ने उनके काफिले पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में अनंत सिंह के समर्थकों ने भी गोलीबारी की। यह घटना मोकामा की राजनीतिक सरगर्मी को फिर से गरमा गई है।
अनंत सिंह: विवादों के बावजूद बने हुए हैं राजनीतिक हैवीवेट
58 वर्षीय अनंत सिंह मोकामा से कई बार विधायक रह चुके हैं और बिहार की राजनीति में एक मजबूत चेहरा माने जाते हैं। उनका विवादों से भी पुराना नाता रहा है। 2018 में उनके घर से AK-47, हैंड ग्रेनेड और कारतूस बरामद होने के बाद वे सुर्खियों में आए थे। इसके चलते 2020 में उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। हालांकि, अगस्त 2024 में पटना हाई कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया और तत्काल रिहाई का आदेश दिया था।












Click it and Unblock the Notifications