Bihar Chunav 2025: RJD ने लगाया बिजली कटौती के आरोप, EC ने दिया ये जवाब, क्या है पूरा मामला?
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। जहां एक ओर राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आरोप लगाया है कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर मतदान की रफ्तार धीमी करने के लिए जानबूझकर बिजली काटी जा रही है। पार्टी ने इसे "दुर्भावनापूर्ण साजिश" बताते हुए चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आरजेडी के इस दावे को "पूरी तरह झूठा और भ्रामक" बताते हुए खारिज कर दिया है। पूरा मामला जानने के लिए पढ़ें....
RJD ने क्या लगाया आरोप?
राष्ट्रीय जनता दल ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा -प्रथम चरण की वोटिंग के मध्य में महागठबंधन के मजबूत बूथों पर धीमा मतदान कराने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है। जानबूझकर स्लो वोटिंग कराई जा रही है। कृपया चुनाव आयोग ऐसी धांधली का अविलंब संज्ञान लेकर कार्रवाई करे। आरजेडी ने अपने पोस्ट में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) और बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO Bihar) को टैग करते हुए कहा कि यह "दुर्भावनापूर्ण इरादे से की जा रही चुनावी गड़बड़ी" है।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
आरजेडी के आरोपों पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने X पर लिखा "यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक है। बिहार के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चल रहा है। चुनाव आयोग यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी मतदान केंद्र पर प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।"
आयोग ने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति या मतदान में बाधा की कोई घटना सामने नहीं आई है और इस तरह की "भ्रामक अफवाहों" से जनता को भ्रमित नहीं होना चाहिए।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग
बिहार में पहले चरण के मतदान के तहत 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में करीब 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, जबकि कुछ संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कारणों से मतदान का समय घटाकर शाम 5 बजे तक रखा गया है।
इस चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है, जिनमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, भाजपा के सम्राट चौधरी और मंगल पांडे, साथ ही जदयू के विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार शामिल हैं। पहले चरण के मतदान के बाद अब सभी की नजरें 11 नवंबर पर हैं, जब दूसरे चरण के तहत शेष 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी, जिसके बाद यह तय होगा कि बिहार की सत्ता की कुर्सी किसके हाथ में जाएगी - एनडीए या महागठबंधन।












Click it and Unblock the Notifications