PM मोदी का मिशन बिहार: पूर्णिया में बोले- 'गारंटी देता हूं, हर गरीब को पक्का घर दूंगा', भाषण की 5 बड़ी बातें
PM Modi Bihar Purnia Visit: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 15 सितंबर को बिहार के पूर्णिया दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने यहां लगभग 36,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा, ''ये मोदी की गारंटी है! जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी रुकने या थमने वाला नहीं है। पिछड़े को प्राथमिकता और गरीब की सेवा, यही मोदी का लक्ष्य है।'' पीएम मोदी ने बिहार की तुलना बीड़ी से करने पर भी कांग्रेस-RJD पर तंज कसा है।
पीएम मोदी ने कहा, ''आज यहां बिहार के विकास के लिए करीब 40 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। रेल, एयरपोर्ट, बिजली, पानी से जुड़ी ये परियोजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनेंगी।'' इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। जहां नीतीश कुमार ने कहा कि वो अब अपना पाला कभी नहीं बदलेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, ''आज यहां 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर भी मिले हैं। इन 40 हजार परिवारों के जीवन में आज एक नई शुरुआत हुई है। धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा से पहले अपने पक्के घर में गृह प्रवेश बहुत सौभाग्य से होता है। मैं इन परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।''
PM Modi Bihar Purnia Speech Highlights: पीएम मोदी ने पूर्णिया में रैली में क्या-क्या कहा?
1️⃣ पीएम मोदी ने कहा, ''आज का ये अवसर मेरे बेघर भाई-बहनों को भरोसा देने का भी है कि एक दिन उनको भी पक्का घर मिलेगा। ये मोदी की गारंटी है! हमारी सरकार ने पिछले 11 साल में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर गरीबों को दिए हैं। अब हम 3 करोड़ नए घर बनाने का काम कर रहे हैं। जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी रुकने या थमने वाला नहीं है। पिछड़े को प्राथमिकता और गरीब की सेवा, यही मोदी का लक्ष्य है।''
2️⃣ पीएम मोदी ने कहा, ''NDA सरकार द्वारा इस पूरे क्षेत्र को आधुनिक हाईटेक रेल सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है। आज भी मैंने वंदे भारत, अमृत भारत पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। नई रेल लाइन का भी उद्घाटन हुआ है। इंजीनियर्स का परिश्रम और कौशल आज के इस कार्यक्रम में भी दिख रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग रिकॉर्ड 5 महीने से भी कम समय में बनाई गई है। आज इस टर्मिनल का लोकार्पण हुआ है, पहली कॉमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई गई है।''
PM मोदी बोले- बिहार की तुलना बीड़ी से, इतनी नफरत है कुछ लोगों को
3️⃣ पीएम मोदी ने कहा, ''अभी आपने देखा होगा कि RJD की सहयोगी कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है।इन लोगों को बिहार से इतनी नफरत है। इन लोगों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया।''
4️⃣ पीएम मोदी ने कहा, ''बिहार के विकास की ये गति, बिहार की ये प्रगति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार का शोषण किया, इस मिट्टी को धोखा दिया, आज वो ये मानने को तैयार ही नहीं कि बिहार भी नए कीर्तिमान बना सकता है।''
PM मोदी बोले- जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा
5️⃣पीएम मोदी ने कहा, ''आज पूर्णिया की इस धरती से मैं इन लोगों को एक बात अच्छी तरह समझाना चाहता हूं। ये RJD और कांग्रेस वालों की जमात जरा कान खोलकर मेरी बात सुन लो। जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना NDA की पक्की जिम्मेदारी है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''बिहार, बंगाल, असम जैसे कई राज्यों के लोग अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए मैंने लाल किले से डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है। लेकिन, वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, कांग्रेस-RJD और उनके इकोसिस्टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं। और बेशर्मी के साथ ये लोग विदेश से आए घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं।''
पीएम मोदी बोले- देश के विकास के लिए बिहार का विकास जरूरी है
पीएम मोदी बोले, ''देश के विकास के लिए बिहार का विकास जरूरी है। और बिहार के विकास के लिए पूर्णिया और सीमांचल का विकास जरुरी है। RJD और कांग्रेस की सरकारों के कुशासन का बहुत बड़ा नुकसान इसी क्षेत्र को उठाना पड़ा है। लेकिन, अब NDA सरकार स्थिति बदल रही है। अब ये क्षेत्र विकास के फोकस में है।''
पीएम मोदी ने कहा, '' मैंने बिहार के आप लोगों से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन का वायदा किया था। केंद्र सरकार ने कल ही राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मखाना किसानों को अच्छी कीमत मिले, इसके लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। मखाना सेक्टर के विकास के लिए हमारी सरकार ने करीब पौने 500 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूर किया है।''












Click it and Unblock the Notifications