'खामोशी को कमजोरी ना समझे', तेज प्रताप यादव की RJD में वापसी के संकेत? क्या शुरू हो गई ‘नई भूमिका’ की तैयारी?
Tej Pratap Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 से पहले सियासी गलियारों में हलचल तेज है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से दूरी बना चुके तेज प्रताप यादव के हालिया ट्वीट ने अटकलों का बाजार फिर से गर्म कर दिया है। 19 जून को किए गए उनके ट्वीट में राजनीतिक संकेतों और निजी नाराजगी की झलक साफ देखी जा सकती है।
तेज प्रताप ने एक्स पोस्ट पर कहा, ''मेरी खामोशी को मेरी कमजोरी समझने की भूल करने वालो, ये मत समझना कि मुझे तुम्हारी साजिशों का पता नहीं, शुरुआत तुमने किया है अंत मैं करूंगा, झूठ और फरेब के बनाए इस चक्रव्यूह को तोड़ने जा रहा हूं, तैयार रहना सच सामने आने वाला है, मेरी भूमिका मेरी प्यारी जनता और माननीय सर्वोच्च न्यायालय तय करेगा ,कोई दल या परिवार नहीं।''

तेज प्रताप का ये ट्वीट न सिर्फ राजद नेतृत्व और परिवार के भीतर दरार की ओर इशारा करता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि वे अब खामोश नहीं रहने वाले। "साजिश", "फरेब" और "चक्रव्यूह" जैसे शब्द यह बताने के लिए काफी हैं कि वे किस मानसिक स्थिति में हैं और अब वह 'सच' सामने लाने की तैयारी में हैं। दूसरी ओर ये भी संकेत मिल रहे हैं कि तेज प्रताप यादव और आकाश यादव (अनुष्का यादव के भाई ) रादज में शामिल हो सकते हैं।
क्या तेज प्रताप का RJD में वापसी संभव है? (Will Tej Pratap Yadav return to RJD)
🔵 वनइंडिया के सूत्रों के मुताबिक बहुत जल्द तेज प्रताप यादव और उनके कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव फिर से आरजेडी में आ सकते हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती है। तेज प्रताप की वापसी की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, खासकर तब, जब बिहार में चुनावी माहौल बनने लगा है।
🔵 तेजस्वी यादव की अगुवाई में RJD फ्रंटफुट पर है, लेकिन तेज प्रताप की गैर-मौजूदगी पार्टी के पारंपरिक यादव मतदाताओं में असंतुलन पैदा कर सकती है।
🔵 तेज प्रताप ब्रह्मा, कृष्ण और शिव के प्रतीकों के साथ खुद को हमेशा पार्टी की 'आध्यात्मिक शक्ति' बताते रहे हैं। चुनाव से पहले उनका सक्रिय होना RJD को सामाजिक-राजनीतिक संतुलन दे सकता है।
🔵 RJD में 'भावनात्मक वापसी' की परंपरा भी रही है -चाहे वो शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा की वापसी हो या शिवहर से अरुण यादव की रणनीतिक भूमिका।
🔵 बिहार चुनाव में यादव वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है। अगर तेज प्रताप RJD में लौटते हैं और युवाओं में अपनी पैठ फिर से बनाते हैं, तो यह भाजपा और जदयू के लिए भी सिरदर्द साबित हो सकता है।
🔵 दूसरी ओर अगर RJD उन्हें नजरअंदाज करती है, तो वे आजाद उम्मीदवार या नई राजनीतिक दिशा भी अपना सकते हैं, जो महागठबंधन को नुकसान पहुंचा सकता है।
अनुष्का यादव और आकश यादव: निजी रिश्ते, राजनीतिक संकेत?
तेज प्रताप यादव की कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकश यादव की भी RJD में वापसी की चर्चा जोरों पर है। अगर यह सच साबित होता है, तो यह एक दोहरी वापसी मानी जाएगी राजनीतिक और व्यक्तिगत दोनों ही स्तर पर। आकश यादव की वापसी, तेज प्रताप के लिए संगठन में नई जगह बनाने में मदद कर सकती है। यह भी संकेत हो सकता है कि तेज प्रताप अपनी अलग लाइन के साथ लेकिन पार्टी के भीतर ही एक भूमिका निभाना चाहते हैं।
तेज प्रताप यादव का ट्वीट और आकश यादव की संभावित वापसी सिर्फ सामाजिक मीडिया ड्रामा नहीं, बल्कि बिहार चुनाव 2025 से पहले के गहरे राजनीतिक संकेत हैं। आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप RJD की छांव में लौटते हैं या एक नए सूरज के साथ अपनी राजनीतिक दिशा तय करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications