Bihar Bridge Collapse: बिहार पुल हादसे में लापता हुआ गार्ड कौन है, नहीं मिला शव, तलाश में जुटी टीम
बिहार के भागलपुर में निर्माणाधीन अगुवानी सुल्तानगंज पुल गिरने पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि विशेषज्ञों द्वारा खोजी गई महत्वपूर्ण डिजाइन खामियों के कारण यह विध्वंस जानबूझकर किया गया था।

Bihar Bridge Collapse News: बिहार के भागलपुर में निर्माणाधीन अगुवानी सुल्तानगंज पुल गिरने के मामले में एक शख्स के लापता होने की खबर सामने आ रही है। गंगा पर निर्माणाधीन पुल का 200 मीटर का हिस्सा रविवार (04 जून) ढह गया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अधिकारियों ने सोमवार (05 जून) कहा कि साइट पर गार्ड के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली है। लापता शख्स एसपी सिंगला कंपनी में गार्ड के पद पर कार्यरत था। उनका शव भी अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
बिहार परबत्ता के अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने कहा, ''पुल गिरने के बाद एसपी सिंगला कंपनी में गार्ड के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। उसका शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। उसका पता लगाने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तलाश कर रही है।''
कल रात से हो रही है गार्ड की तलाश
अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने कहा, हम कल रात से उसकी तलाश कर रहे हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में लगी हुई हैं। हम शव का पता नहीं लगा पाए हैं। हम शव को जल्द से जल्द बरामद करने का प्रयास कर रहे हैं। लापता व्यक्ति की बाइक अभी भी उस खंभे के पास खड़ी है जहां कल खड़ी थी।
अप्रैल 2022 में भी गिरा था पुल
अगुवानी सुल्तानगंज पुल एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाई जा रही है। ये 1,710 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया 3.1 किलोमीटर लंबा पुल भी पिछले साल अप्रैल 2022 में भी ढह गया था।
भागलपुर सुल्तानगंज के सहप्रभारी CO अमित राज ने कहा, हमने घटना के तुरंत बाद SDRF की टीम मौके पर भेजी थी... यहां SDRF की 4 नाव सारी तरफ खोज कर रही है। हम खोज कर रहे हैं। आज मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के आने की उम्मीद है।
बिहार सरकार ने कहा- जानबूझकर तोड़ा गया पुल
बिहार सरकार ने दावा किया है कि भागलपुर में निर्माणाधीन अगुवानी सुल्तानगंज पुल को जानबूझकर तोड़ा गया है और इसके गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "पुल गिराने का निर्णय लिया गया था। हमें उसमें कुछ खामिया मिली थीं। हम आगे चलकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे। इसलिए हमने पुल के कुछ हिस्सों को गिराया।''












Click it and Unblock the Notifications