'तुम BJP विधायक हो, तुम्हारे ऊपर जाने का वक्त आ गया है'
कटिहार जिले प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद सिंह को अज्ञात अपराधियों द्वारा आज सुबह मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई।
पटना। बिहार में चल रहे सुशासन की सरकार में अपराधियों का मनोबल दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। जहां हर रोज अपराधियों के आतंक से राज्य की जनता आतंकित है तो वहीं अब बिहार के खास लोगों पर भी अपराधियों की नजर पड़ चुकी है। ताजा मामला बिहार के कटिहार जिले का है, जहां के एक बीजेपी विधायक को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है।

मिली जानकारी के मुताबिक कटिहार जिले प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद सिंह को अज्ञात अपराधियों द्वारा आज सुबह मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी भरा फोन एक दो बार नहीं बल्कि 9 बार विधायक के मोबाइल पर आया है। फोन करने वाले शख्स ने विनोद सिंह से कहा कि तुम्हारे ऊपर जाने का समय आ चुका है।
इस संबंध में बातचीत करते हुए विधायक ने बताया कि आज सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेरे मोबाइल पर नौ बार फोन करते हुए गाली गलौज किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही भाजपा विधायक विनोद सिंह ने बिहार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब बिहार के अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि पुलिस के साथ-साथ खास लोग भी सुरक्षित नहीं है। वहीं इस मामले में पुलिस के आरक्षी अधीक्षक का कहना है कि विधायक के आवेदन पर मनसाही थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications