Bihar Bandh: पटना और गया में NDA का जोरदार प्रदर्शन, दानापुर में आगजनी, कई सड़कों को किया जाम
Bihar Bandh Protest: एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर हुई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आज यानि 4 सितंबर को राज्यव्यापी बंद बुलाया है। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलने वाले इस पांच घंटे के बंद का असर सड़कों, चौराहों और बाजारों में दिखने लगा है। दुकानों के शटर गिरे लगे हैं और जगह-जगह प्रदर्शन तेज हो रहा है।
गुरुवार को बिहार बंद के दौरान गया और दानापुर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बेगूसराय में बंद का खासा असर देखने को मिला। यहां खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, जेडीयू विधायक राजकुमार सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता हर-हर महादेव के नारे लगाते हुए सड़क पर उतरे और यातायात ठप कराया।

पटना में एनडीए कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
बिहार बंद के दौरान पटना में एनडीए कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह पांच घंटे का बंद महागठबंधन की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में बुलाया गया है।
पटना में 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
पटना में बंद के मद्देनज़र सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस और जेडीयू ऑफिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी में 2000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
जमुई में सड़क जाम, सीतामढ़ी में महिला नेताओं का विरोध
जमुई के कचहरी चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर नारेबाजी की। इस दौरान 'मोदी जी की मां का अपमान नहीं सहेंगे' के नारे लगाए गए। सीतामढ़ी में एनडीए की महिला नेत्रियों और नेताओं ने शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के विरोध में सड़क पर उतरकर नारेबाजी की गई।
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर जाम
हाजीपुर में एनडीए कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 समेत कई सड़कों को जाम कर दिया। हाजीपुर शहर, हाजीपुर-महनार रोड और वैशाली जिले के अन्य इलाकों में भी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और चक्का जाम किया।
राहुल और तेजस्वी को जनता देगी करारा जवाब- रविशंकर प्रसाद
पटना में बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'भारत की संस्कृति मां का सम्मान करना है। अगर हमारी पार्टी से किसी ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया होता तो हम सख्त कार्रवाई करते और माफी मांगते। बिहार की जनता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को करारा जवाब देगी।'
बिहार बंद में हिस्सा ले रही हैं महिलाएं
बीजेपी नेता संजय मायुख ने कहा, 'बिहार की माताएं और बहनें भी इस बंद में हिस्सा ले रही हैं। पीएम मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई है। गाली देकर कोई भाग नहीं सकता। बिहार की जनता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को करारा जवाब देगी।'
क्या रहेगा बंद?
- स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान
- इंटरसिटी बस सेवा
- सरकारी और निजी संस्थान
क्या रहेगा खुला?
- पेट्रोल पंप
- आवश्यक वस्तुओं की दुकानें
- रेलवे सेवा
- एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी सेवाएं












Click it and Unblock the Notifications