बिहारः हंगामा कर रहे विधायकों को विजय सिन्हा ने दी चेतावनी, कहा- मेरी तरफ उंगली मत दिखाइयेगा
पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का शुक्रवार को 19वां दिन है। आज दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होते ही पुलिस अधिनियम बिल 2021 को लेकर विपक्ष के विधायकों ने खूब हंगामा किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए विधायक वेल में पहुंच गए। इस बीच कई विधायक आसन की तरफ बिल की प्रति फाड़ कर फेंकने लगे। हालांकि इस तरह की हरकत पर विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा काफी गुस्सा हो गए। हंगामा कर रहे विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गलती मत कीजियेगा, मेरी तरफ उंगली मत दिखाइएगा।

विधयाकों के हंगामे को देखते हुए मंगलवार तक अध्यक्ष ने विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक स्थगित कर दिया। बता दें कि इससे पूर्व विधानसभा में शून्यकाल शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एडीआर की रिपोर्ट सौंपी। उन्होंने कहा कि दागी मंत्रियों को लेकर सबूत देने का निर्देश दिया गया था। इस रिपोर्ट को रख रहा हूं। बिहार के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे हुए हैं।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि एडीआर की रिपोर्ट में तो मेरे ऊपर भी आचार संहिता का मामला दर्ज होगा। कई सदस्यों पर मामला दर्ज होगा, आप भी नहीं बचे होंगे। कोई नई जानकारी है तो रखिये।
वहीं कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा गेट पर राजद विधायकों ने शराबंबदी को लेकर नारेबाजी की। साथ ही बिहार के पहले मुख्यमंत्री रहे डॉ. श्रीकृष्ण सिंह और जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिलाने की मांग की। राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि बिहार सरकार के संरक्षण में शराब की बिक्री हो रही है। पुलिसकर्मी शराबंबदी में लगे हुए हैं। इसके चलते लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब होती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications