Bihar Election Result 2025: कौन हैं भाजपा के वो 12 उम्मीदवार, जो NDA की प्रचंड लहर में भी हार गए
Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA ने ऐतिहासिक जीत हासिल की और 243 में से 202 सीटें जीतकर सत्ता में दमदार वापसी की। इस जीत में भाजपा का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा - पार्टी ने 101 सीटों में से 89 सीटें जीत लीं।
लेकिन इस जबरदस्त लहर के बीच BJP को ऐसी 12 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा, जिनमें से कई पर हार का अंतर बेहद कम रहा और कुछ ने चौंकाने वाला राजनीतिक संदेश भी दिया।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इन 12 में से 5 सीटों पर BJP को AIMIM या अन्य विपक्षी दलों के मुस्लिम उम्मीदवारों ने हराया, जबकि इन सीटों में कुछ 2020 में भाजपा के कब्जे में थीं। आइए जानते हैं कौन हैं वो 12 कैंडिडेट जिन्हें कड़े मुकाबले में मिली हार.....
AIMIM ने BJP मजबूत उम्मीदवारों को दी मात
1. बायसी सीट - AIMIM का जबरदस्त प्रदर्शन
बायसी सीट पर भाजपा के विनोद कुमार को ओवैसी की पार्टी AIMIM के गुलाम सरवर ने शानदार जीत के साथ 27,251 वोटों से हराया। 2020 में यह सीट कांग्रेस के पास थी, लेकिन इस बार AIMIM ने मजबूत पकड़ बना ली।
2. बिसफी - RJD ने छीनी BJP की सीट
बिसफी में BJP के हरिभूषण ठाकुर को RJD के आसिफ अहमद ने 8,107 वोटों से मात दी। दिलचस्प बात 2020 में इसी सीट से हरिभूषण ठाकुर RJD टिकट पर जीते थे।
3. किशनगंज - AIMIM का प्रभाव दिखा
किशनगंज में BJP की स्वीटी सिंह को कांग्रेस उम्मीदवार कमरूल होदा ने 12,794 वोटों से हराया। AIMIM के शम्स आगाज को यहां 51,370 वोट मिले, जो भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
4. कोचाधामन - AIMIM ने पकड़ बनाए रखी
BJP उम्मीदवार बीना देवी तीसरे स्थान पर रहीं। AIMIM के मोहम्मद सरवर आलम ने RJD के मुजाहिद आलम को 23,021 वोटों से हराया। 2020 में यहां AIMIM के टिकट पर मुजाहिद आलम जीते थे - यानी सीट AIMIM के पास ही रही।
5. ढाका - मात्र 178 वोटों से BJP की हार
ढाका में BJP ने बेहद मामूली अंतर से सीट गंवाई। RJD के फैजल रहमान ने भाजपा के पवन कुमार जायसवाल को सिर्फ 178 वोटों से हराया। 2020 में यह सीट बीजेपी के पास थी।
कई सीटों पर बेहद मामूली अंतर ने बनाया चुनाव रोमांचक
6. चनपटिया
कांग्रेस के अभिषेक रंजन ने BJP के उमाकांत सिंह को 602 वोटों से हराया।
7. फारबिसगंज
कांग्रेस ने यहां भी भाजपा को झटका दिया। कांग्रेस के मनोज विश्वास ने भाजपा के विद्या सागर केसरी को सिर्फ 221 वोटों से हराया। 2020 में यह सीट BJP के पास थी।
8. सहरसा - नई पार्टी ने BJP को हराया
इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने BJP के आलोक रंजन को 2,038 वोटों से हराया।
2020 में BJP ने यह सीट जीती थी।
9. वारिसलीगंज
यहां RJD की अनिता ने BJP की अरुणा देवी को 7,543 वोटों से हराया।
10. रामगढ़ - सबसे छोटा अंतर
बहुजन समाज पार्टी के सतीश कुमार सिंह यादव ने BJP के अशोक कुमार सिंह को सिर्फ 30 वोटों से हरा दिया।
2020 में यहां बीजेपी जीती थी।
11. गोह
RJD के अमरेंद्र कुमार ने BJP के डॉ. रविरंजन को 4,041 वोटों से हराया।
12. राघोपुर - तेजस्वी बनाम BJP का रोमांच
बीजेपी के सतीश कुमार ने RJD नेता तेजस्वी यादव को कड़ी चुनौती दी और शुरुआती राउंड में आगे भी रहे लेकिन अंत में तेजस्वी ने मुकाबला पलटते हुए सतीश कुमार को 14,532 वोटों से हराया।
क्या संदेश देती है BJP की इन हारों की सूची?
- AIMIM ने सीमांचल में BJP को कई सीटों पर कड़ी टक्कर दी।
- RJD और कांग्रेस ने भी कई पारंपरिक BJP सीटों पर सेंध लगाई।
- कई सीटों पर हार का अंतर 30, 178 और 221 वोट रहा - यानी बेहद करीबी मुकाबला।
BJP की जीत बड़ी रही, लेकिन इन 12 सीटों ने यह साफ किया कि बिहार में स्थानीय समीकरण अभी भी बड़े फैक्टर हैं।












Click it and Unblock the Notifications