Bihar News: सारण में 19 लोगों से सवार नाव पलटी, दो लोगों की मौत, बचाव अभियान जारी
Bihar News: बिहार में बीते कुछ महीनों से नाव पलटने के हादसों में इजाफा हो रहा है। अब राजधानी पटना से 100 किमी पश्चिम में सारण जिले में सरयू नदी में एक नाव के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया।
सारण जिले के मांझी प्रखंड के मटियार गांव के पास बुधवार शाम एक नाव पलट गई, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जैसे ही नाव पलटी चीख-पुकार मच गई। नाव में 19 लोग सवार थे। इस हादसे में 2 लोगों की मौत की खबर अब तक सामने आई है।

सारण नाव हादसे पर जिलाधिकारी ने बताया कि नाव में 19 लोग सवार थे, जिनमें से 10 सुरक्षित हैं और 7 को बचाया जा रहा है। अब तक 2 शव बरामद हुए हैं। हालांकि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
हादसे को लेकर सारण DM अमन समीर ने कहा, "हम मौके पर हैं और यहां के लोगों से बातचीत की है। हमने नाव पर सवार कुछ लोगों से भी बात की। उन्होंने बताया कि वे लोग हर सुबह खेती के लिए वहां जाते थे और शाम को वापस आते थे।
डीएम ने आगे कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार 10 लोग सुरक्षित हैं और 2 की मौत हो गई है और अन्य 7 लोगों को बचाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तेज पानी में नाव पलटने का हादसा हुआ तब स्थानीय लोगों ने तीन लोगों को बचा लिया। अन्य लोग बह गए और उनका पता लगाने के लिए एसडीआरएफ कर्मियों द्वारा एक खोज अभियान शुरू किया गया।
सारण के जिला मजिस्ट्रेट अमन समीर, जो मांझी इलाके में घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने कहा कि गोताखोरों ने दो शव निकाले हैं। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना उत्तर प्रदेश सीमा से ज्यादा दूर मटियार घाट के पास हुई, जब नाव पर क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे।












Click it and Unblock the Notifications