बिहार में यही है Ambulance, फोन करके बुलाने पर नहीं आती!
Ambulance का इंतजार कर थक हार गए परिजन उसे खाट पर ही उठाकर अस्पताल ले गए।
पटना। सरकार के द्वारा लाख वादे किए जाने के बाद भी गरीबों का हाल बेहाल है। देहाती क्षेत्र में बीमार लोगों को ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा बिल्कुल ना के बराबर है। कुछ इसी तरह का मामला बिहार के खगड़िया जिले में सामने आया है। जहां एक शख्स की अचानक तबीयत खराब हो गई जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई लेकिन एंबुलेंस काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी नहीं आई। इंतजार कर थक हार गए परिजन उसे खाट पर ही उठाकर अस्पताल ले गए जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ये मामला बिहार के खगड़िया जिले का है जहां के इचरुआ गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार की तबीयत अचानक देर रात खराब हो गई। तबीयत खराब होने के बाद नजदीकी सरकारी अस्पताल से एंबुलेंस बुलाई गई लेकिन काफी देर तक जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो उनके परिजनों ने खाट पर ही उठाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाने के क्रम में उनकी बीमारी और बढ़ गई, हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए भर्ती कराया जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
बिहार के स्वास्थ्य विभाग में कुछ इस तरह की लापरवाही के कारनामे हाल फिलहाल के दिनों में सामने आए हैं। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कर रहा है। फिर भी हालत में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। आज से कुछ दिन पहले अस्पताल में एक बेटी की मौत हो जाने के बाद पूरे परिवार वाले अस्पताल प्रबंधक से एंबुलेंस दिलाने की गुहार लगाते रहे लेकिन पैसे की लालच में सभी ने उसे अनदेखा कर दिया। फिर लाचार परिवार वालों ने बेटी की लाश को कंधे पर उठाकर उसे श्मशान पहुंचाया था।












Click it and Unblock the Notifications