Begusarai Flood: 'रोड बह गया, मकान में घुसा पानी, सड़क पर गुज़र रहे दिन', बाढ़ पीड़ितों ने बयां किया अपना दर्द
Begusarai Flood News Today: बिहार में बदले मौसम के मिज़ाज़ के बाद प्रदेश के कई ज़िले बाढ़ प्रभावित हो चुके हैं। लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। कहीं सरकार के द्वारा बाढ़ राहत कार्य चल रहा है, तो कहीं समाज सेवी संस्थाओं और समाज सेवक द्वारा राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। वहीं कुछ ग्रामीण क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां लोग काफी परेशान हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा लेने वन इंडिया हिंदी की टीम बेगूसराय ज़िला के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र पहुंची। वहां के लोगों ने बेबाकी से अपनी बात रखी, जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के ख़िलाफ़ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने बताया कि बाढ़ के प्रकोप की वजह से मेन रोड टूट गया, लेकिन कोई संज्ञान नहीं ले रहा है।

Recommended Video
वन इंडिया हिंदी से पिंटू कुमार ने बताया कि बाढ़ की वजह से सड़क टूट गया। जान जोखिम में डालकर लोग रोड क्रॉस कर रहे हैं। आए दिन हादसा हो रहा है लेकिन स्थानीय प्रतिनिधि और प्रशासन इस मामले में संज्ञान नहीं ले रहा है। राहत बचाव कार्य भी नहीं किया जा रहा है।
एक टाइम का खाना दिया जा रहा था, वह भी बंद कर दिया गया है। 10 हज़ार की आबादी बाढ़ प्रभावित है, इस मामले को जिला प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों को बताया लेकिन सभी ने अनसुना कर दिया। कोई मदद नहीं कर रहा है, मजबूरी है इसलिए जान जोखिम में डाल कर रोड पार कर सामान लाने जाते हैं।
महिलाओं ने बताया कि मकान में पानी घुस गया है, सड़क पर दिन गुज़ार रहे हैं। वोट लेने वक्त नेता पहुंचते हैं, अभी परेशानी में हैं तो कोई देखने नहीं आ रहा है। क्या अब हम लोग प्रशासन और प्रतिनिधियों को ढूंढते रहें। जिस तरह वोट मांगने के लिए नेता और सरकारी योजनाओं के लिए प्रशासन जागरुक करने आते हैं। वैसे ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायज़ा लेने आना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications