बेगूसरायः गुटखा नहीं देने पर बदमाशों ने दो लोगों की कर दी हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार की रात को बदमाशों ने मामूली बात पर दो लोगों की हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड के इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गया। नगर थाना क्षेत्र के हर हर महादेव चौक स्थित पान दुकान पर बाइक सवार दो बदमाश बीती रात एक पान की दुकान पहुंचे और गुटखा मांगने लगे। उस वक्त दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसलिए उसने गुटखा देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दुकानदार और बदमाशों के बीच विवाद हो गया। विवाद के वक्त बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक सहित पान दुकानदार की गोली लगने से मौत हो गई।

मृतक पान दुकानदार की पहचान नयागांव थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार के रूप में की गई। जबकि बीच-बचाव करने आए युवक की पहचान नागदह गांव के रौशन कुमार के रूप में की गई है। बहरहाल इस मामूली विवाद में दो लोगों ने जान गंवा दी। वहीं घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है।
एसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर नगर थाना अध्यक्ष अमरेंद्र झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की पहचान करते हुए एक आरोपित राजीव कुमार को हथियार और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं बेगूसराय पुलिस ने एक लुटेरा गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने उनके पास से हथियार और लूटी गई बाइक भी बरामद किया है। दरअसल तेघरा अनुमंडल क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लूट की कई घटनाओं के बाद एसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर तेघड़ा डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस की एक स्पेशल टीम बनाई गई थी।
टीम ने बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवास गांव निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है। चंदन की गिरफ्तारी के बाद लूट गिरोह का खुलासा हुआ। लंबे समय से पुलिस को इन अपराधियों की तलाश थी क्योंकि पकड़े गए सारे बदमाश लगातार एनएच पर या अन्य जगहों पर लूट की घटना को अंजाम दे रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications