नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीशपुर' रखा जाएगा बिहार के इस शहर का नाम? मंत्री ने सीएम सम्राट के सामने रखा प्रस्ताव
Bakhtiyarpur Name Change: बिहार की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी राजनीति नहीं, बल्कि उनकी जन्मभूमि बख्तियारपुर का नाम बदलने का प्रस्ताव है। बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' करने की मांग रखी है।
मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस प्रस्ताव को सामने रखा। उनका कहना है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और सामाजिक बदलाव में लंबी भूमिका निभाई है, इसलिए उनकी जन्मभूमि को उनके नाम से सम्मानित किया जाना चाहिए।

नीतीश कुमार की जन्मभूमि का बदलेगा नाम?
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बख्तियारपुर सिर्फ एक शहर या जगह का नाम नहीं है, बल्कि यह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मभूमि है। नीतीश कुमार का लंबा राजनीतिक जीवन इसी धरती से जुड़ा हुआ है। मंत्री के मुताबिक, बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका और उनके योगदान को देखते हुए उनकी जन्मभूमि को उनके नाम से पहचान देना सम्मान की बात होगी।
ये भी पढ़ें: बिहार को शराबबंदी से ₹20,000 करोड़ का नुकसान, क्या हटेगी पाबंदी? CM सम्राट चौधरी ने कर दिया बड़ा ऐलान
CM सम्राट चौधरी के सामने रखा प्रस्ताव
संतोष सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा नेता दिया, उसकी पहचान भी उनके नाम से होनी चाहिए। मंत्री का कहना है कि 'नीतीशपुर' नाम सिर्फ एक नाम परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि यह नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और बिहार के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का एक तरीका होगा।
विकास और सुशासन का दिया हवाला
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने अपने प्रस्ताव के पीछे नीतीश कुमार के राजनीतिक योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार के विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के लिए काम किया। उनके राजनीतिक जीवन की कई महत्वपूर्ण यादें बख्तियारपुर से जुड़ी हैं। ऐसे में इस जगह का नाम उनके नाम पर रखना इतिहास और स्थानीय लोगों की भावनाओं के सम्मान के तौर पर देखा जा सकता है।
ये भी पढे़ं: प्रिया सिंह वत्स कौन? तेज प्रताप ने बनाया JJD की नई राष्ट्रीय प्रवक्ता, कंटेंट क्रिएटर्स से कैसे बनीं राजनेता
अभी सिर्फ प्रस्ताव, फैसला नहीं
बख्तियारपुर का नाम 'नीतीशपुर' करने की मांग सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, फिलहाल यह सिर्फ मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन की ओर से रखा गया प्रस्ताव है। सरकार की तरफ से नाम बदलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला या घोषणा नहीं हुई है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाते हैं और सरकार आगे क्या कदम उठाती है।


Click it and Unblock the Notifications
