बिहारः अररिया में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत
अररिया। बिहार के अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र के बालू चौक पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ऑटो और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज पूर्णिया में चल रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

वहीं हादसे के सूचना मिलते ही सदर एसडीओ, एसडीपीओ सहित नगर थाना पुलिस पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य में जुटी। मृतकों में रामपुर कोदरकट्टी के नुनूलाल ऋषि, कमलदाह के सुशीला देवी, पूर्णिया जिले के महेन्द्रपुर की निवासी मीनाक्षी कुमारी और गौरव कुमार और महावती देवी शामिल है। वहीं घायलों की पहचान रामपुर कोदरकट्टी की सुमन देवी, राजकुमारी, दीपक कुमार ऋषि, फुल कुमारी, कमलदाहा के सुशील ऋषिदेव, रानीगंज रहड़िया के मिथुन ऋषिदेव हैं। ऑटो में सवार लोग पूर्णिया से अररिया की तरफ जा रहा था। जबकि ट्रक पूर्णिया की तरफ जा रहा था।
बेतिया में पटरी से उतरी ट्रेन
बिहार के बेतिया जिले के कुमारबाग इलाके में सोमवार सुबह पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन के बेपटरी होने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। अपनी जान बचाने के लिए यात्री ट्रेन से कूदने लगे। हालांकि ट्रेन के ड्राइवर की सूझ-बूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमारबाग स्टेशन से नरकटियागंज-रक्सौल मेमू 05010 ट्रेन खुलते ही बेपटरी हो गई। उस वक्त ट्रेन की रफ्तार अधिक नहीं थी, लेकिन यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। कुछ यात्री ट्रेन से कूद पड़े। समय रहते ड्राइवर ने ट्रेन रोक दिया। इस बीच नरकटियागंज-रक्सौल व मुजफ्फरपुर लाइन पर रेल परिचालन ठप हो गया।












Click it and Unblock the Notifications