आराः एक के बाद एक कर कुल 13 गोली उतार दी सीने में, तड़तड़ाहट से गूंज उठा मोहल्ला
आरा। बिहार में अपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी क्रम में बिहार के आरा जिला के नगर थाना क्षेत्र के गौसगंज मोहल्ले में बीते सोमवार की सरेआम अपराधियों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। हत्या की इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक अपराधी सभी की आंखों से ओझल हो चुके थे।

मृतक का नाम गौसगंज निवासी नन्दकिशोर पासवान का पुत्र मिथुन पासवान बताया जा रहा है, जिसे अपराधियों ने उसके घर से थोड़ी दूर पर ही घात लगाकर गोलियों से भून दिया। इस सनसनीखेज हत्या की वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या 5 से 6 बताई जा रही है। गोलीबारी की आवाज सुन मौके पर पहुंचे मृतक के परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नही हो पाया है।
वहीं, घटना की सूचना पर घटनास्थल पहुंची नगर थाने की पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और चार खोखे बरामद किए हैं। सदर अस्पताल के डॉक्टरों वे मुताबिक मृतक के शरीर मे 13 गोलियां मारी गई हैं। वहीं हत्या की जानकारी मिलते ही आरा सदर एसडीपीओ अजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरा सदर अस्पताल में नगर, नवादा, गजराजगंज और उदवंतनगर थाने की पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिसबल और वज्रवाहन तैनात किए गए हैं। वहीं हत्या के बाद मृतक के जाननेवालों की भारी भीड़ सदर अस्पताल में जमा हो गई थी और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications