आराः बीच बाजार में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष के पति की गोली मारकर हत्या
आरा। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले सोमवार की शाम आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के सुंदरनगर मोहल्ले के मोड़ पर सोमवार की शाम अपराधियों ने एक अधिवक्ता की गोली मार कर बेरहमी से हत्या कर दी। अपराधियों ने एकदम करीब से दो गोलियां मारी गई थी। इस दौरान एक गोली उनके सिर में जा लगी। वहीं गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक अधिवक्ता की पहचान सुंदर नगर निवासी प्रीतम नारायण सिंह हैं। उनकी पत्नी नीलू सिंह भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए आराम से चलते बने। अपराधियों की संख्या दो बतायी जा रही है।
पूर्व की रंजिश में वारदात को अंजाम देने की चर्चा चल रही है। वहीं मृतक वकील के बेटे ने अपने चाचा पर आरोप लगाया है। दिनदहाडे़ वकील को गोली मारे जाने की घटना से सनसनी मच गयी। सूचना मिलते ही एसपी हर किशोर राय सहित तमाम अफसर मौके पर पहुंच गये और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गयी।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि कोर्ट का काम निपटाने के बाद अधिवक्ता प्रीतम नारायण सिंह बाइक से अपने आवास लौट रहे थे। वकील जैसे ही अपने मोहल्ले की मोड़ पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंची और उन पर दो गोलियां दाग दी। उसके बाद दोनों भाग निकले।
घायल अवस्था में वकील को आनन-फानन में शहर के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट क्लीनिक ले जाया गया, जहां प्राइमरी इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया। पटना स्थित अस्पताल पहुंचने के बाद उनको मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर जिला बार एसोसिएशन के सचिव विद्या निवास सिंह उर्फ दीपक सिंह सहित अन्य वकील पहुंचे और एसपी से अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications