पुलिस लाइन में बार-बालाओं का डांस कराना पड़ा महंगा, 11 पुलिसकर्मी निलंबित
हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर पुलिस लाइन में बार-बालाओं के डांस मामले में तिरुहत रेंज के आईजी गणेश कुमार ने कार्रवाई करते हुए 11 सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय शिवहर और सीतामढ़ी होगा। आईजी ने सीतामढ़ी और शिवहर के एसपी को निर्देश दिया है कि निलंबित सभी सिपाही नियमित रूप से हाजिरी लगाएंगे और अनुपस्थित होने पर जीवनयापन भत्ता भी रोक दिया जाए।

आईजी गणेश कुमार ने यह कार्रवाई हाजीपुर अनुशंसा पर की है। आईजी ने निलंबित सभी सिपाहियों के कार्यकलापों पर पूरी निगरानी रखने का निर्देश तीनों जिलों के एसपी को दिया गया है। दरअसल, महाशिवरात्रि के मौके पर हाजीपुर पुलिस लाइन में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया था।
इस दौरान दिन में पूजा और रात के वक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम होना था। पुलिसकर्मियों की मदद से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक भजनों से हुई। लेकिन धीरे-धीरे इस आयोजन का माहौल पूरी तरीके से बदल गया। करीब एक घंटे बाद बार-बालाएं स्टेज पर उतरीं और अश्लील गानों के साथ डांस शुरू किया।
इस कार्यक्रम में नियमों को ताक पर रखते हुए बार बालाओं की अश्लील गानों पर ठुमके लगाए जा रहे थे, जिसका वीडियो वायरल होने लगा। जानकारी मिलते ही एसपी वैशाली हरकत में आए और सदर एसडीपीओ हाजीपुर को पुलिस लाइन जाकर मामले की जांच करने का आदेश दिया। सदर एसडीपीओ को पुलिस लाइन पहुंचते ही हड़कंप मच गया और रात में ही सदर एसडीपीओ राघव दयाल ने कार्यक्रम को तत्काल बंद करा दिया और डीजे साउंड को जब्त कर लिया। इधर वैशाली एसपी मनीष ने सदर एसडीपीओ राघव दयाल से पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा था।












Click it and Unblock the Notifications