MP News: सीएम के एक्शन का असर देर रात विदिशा एसपी का औचक निरीक्षण, थानों में मिलीं खामियां
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा हाल ही में रायसेन एसपी को मुख्यालय अटैच किए जाने के बाद अब इसका असर पड़ोसी जिले विदिशा में भी साफ दिखाई देने लगा है।
जिले के पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने देर रात अचानक थाना कोतवाली और थाना सिविल लाइन का औचक निरीक्षण किया। सवाल अभी भी वही है - क्या इन कार्रवाइयों से कानून-व्यवस्था में वास्तविक सुधार आ पाएगा?

कोतवाली थाने में गहन जांच - अभिलेख से लेकर CCTV तक सबकी समीक्षा
- निरीक्षण के दौरान एसपी काशवानी ने स्टाफ की उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अभिलेख संधारण, लंबित प्रकरणों और संपूर्ण थाना प्रबंधन की बारीकी से जांच की।
- निरीक्षण में नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह भी साथ रहे।
- एसपी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सिविल लाइन थाने में चैक रोल कॉल - अनुशासन पर कड़े निर्देश
इसके बाद एसपी काशवानी थाना सिविल लाइन पहुंचे, जहाँ उन्होंने देर रात चैक रोल कॉल लिया। उन्होंने रिकॉर्ड रख-रखाव, शिकायत निवारण प्रणाली, कर्मचारियों के अनुशासन, दैनिक ड्यूटी और थाना परिसर की स्वच्छता का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के. मिश्र इस दौरान उपस्थित रहे।
लापरवाही पर शून्य सहनशीलता - एसपी की सख्त चेतावनी
एसपी काशवानी ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रात की गश्त को प्रभावी बनाने, फील्ड में सक्रियता बढ़ाने और हर परिस्थिति में सतर्क रहने के निर्देश दिए।
विदिशा पुलिस का दावा: मुस्तैदी और जनसुरक्षा हमारी प्राथमिकता
जिला पुलिस का कहना है कि वे लगातार मुस्तैदी, जागरूकता और तत्परता के साथ जनता की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications