रायसेन के सोमेश्वर धाम पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, मंदिर का द्वार नहीं खुलने पर छोड़ा अन्न जल
रायसेन किले के सोमेश्वर धाम पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती (Uma Bharti) ने मंदिर के ताले नहीं खुलने के कारण गेट पर ही जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के ताले नहीं खुलने तक अन्न जल त्यागने का ऐलान किया।
रायसेन, 11 अप्रैल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती (Uma Bharti) सोमवार को रायसेन किले में स्थित सोमेश्वर धाम पहुंची। मंदिर के द्वार का ताला नहीं खोले जाने पर उमा भारती ने अन्न जल छोड़ने का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि मैं अन्न जल तभी ग्रहण करूंगी, जब मंदिर के द्वार का ताला खोला जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने 7 अप्रैल को ट्वीट कर रायसेन किले में स्थित शिवलिंग का अभिषेक करने की बात कही थी। इसी के चलते सोमवार को वह रायसेन किले स्थित सोमेश्वर धाम पहुंची थी, लेकिन मंदिर का द्वार बंद होने की वजह से उन्हें गेट के बाहर से ही पूजा करनी पड़ी। इस दौरान उनके साथ गए कुछ लोगों को ही किले में जाने दिया गया, तो वहीं बाकी लोग किला मार्ग पर प्रदर्शन कर भजन करते रहे।
उनके साथ गए भाजपा नेता मुदित शेजवार ने समर्थकों के साथ मंत्र का जाप किया। इस दौरान मीडिया को भी किले में जाने से रोका गया। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से किले के पास काफी पुलिसबल तैनात रहा। कलेक्टर, एसपी, डीआईजी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।
उमा भारती ने कहा- मेरे एक घूंसे में टूट जाएगा ताला
सोमेश्वर धाम के द्वार का ताला नहीं खोले जाने से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि ये ताला बहुत छोटा है, मेरे एक घूंसे से टूट जाएगा, लेकिन हम ताला नहीं तोड़ेंगे। हम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान के वंशज हैं। मर्यादा में रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के समय भी 'आगे बढ़ो, जोर से बोलो और राम जन्मभूमि का ताला खोलो' नारा था। 'ताला तोड़ो' नारा नहीं था।
गौरतलब है कि कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने रायसेन किले में बने शिव मंदिर का ताला खोलने की मांग की थी। उन्होंने रायसेन वालों को इस बात के लिए धिक्कारा भी था कि उनके यहां शिव कैद में हैं। पंडित मिश्रा ने शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से भी अनुरोध किया था कि आप सनातनी हो तो तत्काल मंदिर का ताला खुलवाएं। जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा था कि वे रायसेन के किले में जाकर ताले में बंद शिव के मंदिर में जलाभिषेक करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications