'Ujjain Shahi Masjid का हिस्सा तोड़ने का काम जारी रहेगा', कमिटी को इंदौर HC से झटका-अपील खारिज

Ujjain Shahi Masjid Demolition: उज्जैन में शाही मस्जिद के सड़क की जद में आ रहे हिस्से को हटाने का रास्ता अब साफ हो गया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच की डबल बेंच ने सोमवार (28 सितंबर) को मस्जिद कमेटी की अपील खारिज कर दी। इससे 9 सितंबर के एकलपीठ के उस फैसले पर रोक नहीं लगी, जिसमें सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज की गई थीं।

सोमवार को कार्रवाई के दौरान उज्जैन में माहौल तनावपूर्ण हो गया। शाही मस्जिद के पास जुटी भीड़ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी। पुलिस पर पथराव की सूचना के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्या है पूरा मामला?

ujjain-shahi-masjid-demolition

उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ 2028 की तैयारियों के तहत शहर की सड़कों को चौड़ा करने का काम चल रहा है। इसी योजना के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इस सड़क का इस्तेमाल शाही सवारी, पेशवाई और सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए होता है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन बेहतर किया जा सकेगा। इस प्रस्तावित सड़क की सीमा में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा है। कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक, कार्रवाई से मस्जिद के प्रार्थना स्थल के एक हिस्से, करीब 120 फीट ऊंची मीनार और मजहर चौक शाही का हिस्सा प्रभावित होना प्रस्तावित था। मस्जिद को वक्फ संपत्ति के रूप में पंजीकृत बताया गया है।

9 सितंबर को एकलपीठ ने क्या कहा था?

मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 9 सितंबर को दो याचिकाएं खारिज कर दी थीं। याचिकाकर्ताओं ने सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का हिस्सा हटाने के नगर निगम के नोटिस को चुनौती दी थी। मस्जिद पक्ष ने दलील दी थी कि कार्रवाई से धार्मिक स्थल प्रभावित होगा और संविधान के अनुच्छेद 14, 25 और 26 के तहत मिले अधिकारों का उल्लंघन होगा। यह भी कहा गया था कि सड़क चौड़ी करने के लिए वैकल्पिक जमीन का इस्तेमाल किया जा सकता है।

वहीं, नगर निगम और राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण सार्वजनिक हित में है और संबंधित प्रक्रिया के तहत नोटिस व आपत्तियों पर सुनवाई की गई है। कोर्ट के रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि शहर में सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई धार्मिक संरचनाओं पर कार्रवाई की गई है। कोर्ट ने अपने 9 सितंबर के आदेश में माना था कि नगर निगम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और कार्रवाई को मनमाना या भेदभावपूर्ण नहीं माना। सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाली बड़ी संख्या में भीड़, ट्रैफिक प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा को भी आदेश में ध्यान में रखा गया।

फिर डबल बेंच में क्यों पहुंचा मामला?

एकलपीठ के फैसले के बाद मस्जिद प्रशासन ने डबल बेंच में अपील दाखिल की थी। इसी अपील पर सोमवार को सुनवाई हुई। डबल बेंच ने अपील खारिज कर दी, यानी मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई गई। इससे प्रशासन के लिए सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता खुला है।

सोमवार को मौके पर क्या हुआ?

सोमवार सुबह मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण के लिए कार्रवाई शुरू किए जाने के दौरान विरोध हुआ। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी और पथराव की सूचना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इलाके में RAF समेत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच रात में बातचीत भी हुई थी। इसके बाद मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने के लिए कमेटी की ओर से सहयोग किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन सोमवार को मौके पर विरोध के कारण स्थिति बिगड़ गई।

CM मोहन यादव ने भी अपने घर का हिस्सा हटवाया

सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार (27 सितंबर) को अपने पैतृक मकान के उस हिस्से को खुद हटाने की शुरुआत की, जो प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहा है। उन्होंने इसे सड़क चौड़ीकरण के लिए लोगों को सहयोग का संदेश देने की कोशिश के तौर पर पेश किया। मुख्यमंत्री के पैतृक मकान का कुछ हिस्सा भी इस परियोजना से प्रभावित है।

कितनी बड़ी है सड़क चौड़ीकरण परियोजना?

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 से पहले सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए व्यापक निर्माण कार्य चल रहा है। प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली बड़ी संख्या में संरचनाओं को चिन्हित किया है। हाईकोर्ट के रिकॉर्ड के अनुसार, शहर में करीब 80 धार्मिक संरचनाओं से जुड़े स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के तहत कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट के सामने नगर निगम की ओर से यह भी बताया गया था कि संबंधित सड़क पर पहले ही 10 मंदिर और एक मस्जिद समेत कई धार्मिक संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं।

अब आगे क्या?

डबल बेंच से भी राहत नहीं मिलने के बाद शाही मस्जिद के सड़क की जद में आने वाले हिस्से को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई जारी रह सकती है। वहीं मस्जिद पक्ष के पास आगे कानूनी विकल्प के तौर पर सुप्रीम कोर्ट जाने का रास्ता खुला है। फिलहाल, प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती है कि एक तरफ सिंहस्थ 2028 से पहले विकास और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े काम समय पर पूरा करना, दूसरी तरफ संवेदनशील धार्मिक स्थल को लेकर स्थानीय स्तर पर बने तनाव को नियंत्रित रखना।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+