Ujjain Fire: पांच मंजिला Bagadiya Tower में कैसे लगी आग? खिड़कियां तोड़कर निकाले गए लोग, SP-कलेक्टर मौके पर
Ujjain Bagadiya Tower Fire Reason: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार को पुरानी सेंट्रल कोतवाली के पास स्थित पांच मंजिला बागड़िया टावर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के बाद इमारत में धुआं भर गया, जिससे कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। एसडीआरएफ की टीम भी बचाव कार्य में जुटी रही।

खिड़कियां तोड़कर लोगों को निकाला गया बाहर
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए खिड़कियां तोड़ी गईं और सीढ़ियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। बचाव दल ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता देते हुए लोगों को एक-एक करके सुरक्षित निकालने का प्रयास किया।
इमारत में धुआं भरने के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। एहतियात के तौर पर कुछ लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय रहवासियों ने भी पुलिस और दमकलकर्मियों की मदद की।
कलेक्टर बोले- सभी को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता
उज्जैन के कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट रौशन सिंह ने बताया कि बागड़िया टावर में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें सक्रिय हो गईं। उनके मुताबिक, लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी संबंधित टीमें मिलकर काम कर रही हैं। एसडीआरएफ को भी बचाव अभियान में लगाया गया है। मौके पर एसपी प्रदीप शर्मा, कलेक्टर रौशन सिंह, पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
निचली मंजिल की दुकान में कबाड़ होने की जानकारी
क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल के मुताबिक, टावर के निचले हिस्से में स्थित एक दुकान में काफी कबाड़ रखा हुआ था। उनके अनुसार, आग इसी दुकान से शुरू होकर इमारत में फैलने की आशंका है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विधायक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन और आग पर काबू पाने के प्रयासों की जानकारी ली। प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है। धुएं के कारण परेशानी महसूस करने वाले कुछ लोगों को एहतियातन अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत ठीक बताई गई है।
फिलहाल दमकल की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने और बचाव कार्य में जुटी हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।



Click it and Unblock the Notifications
