MP News: साध्वी ऋतंभरा ने मां पीतांबरा पीठ में किए दर्शन, बनखंडेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
देश की जानी-मानी ओजस्वी वक्ता, प्रमुख हिंदू राष्ट्रवादी नेत्री एवं विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी की संस्थापक-अध्यक्ष साध्वी ऋतंभरा सोमवार को दतिया पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पीतांबरा पीठ में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।
इसके बाद उन्होंने बनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर राष्ट्र की उन्नति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। उनके आगमन से मंदिर परिसर आध्यात्मिक उत्साह और श्रद्धा से भर उठा।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, गूंजे जयकारे
साध्वी ऋतंभरा के दतिया आगमन की सूचना मिलते ही मां पीतांबरा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। "जय मां पीतांबरा" और "हर-हर महादेव" के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचे। लोगों में खासा उत्साह देखा गया और कई श्रद्धालुओं ने इसे अपने लिए सौभाग्य का अवसर बताया।
प्रशासन ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम
उनके कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा, यातायात व्यवस्था भी नियंत्रित की गई ताकि दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
धार्मिक दौरे के साथ सांस्कृतिक संदेश
साध्वी ऋतंभरा का यह दौरा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे सांस्कृतिक चेतना और हिंदू एकता के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। उनके विचारों और संदेशों से श्रद्धालुओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। उन्होंने समाज में सद्भाव, राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।












Click it and Unblock the Notifications