Rewa: ट्रांसफॉर्मर सुधारने गए जूनियर इंजीनियर को बंधक बनाकर पीटा, पुलिस पहुंची तो बची जान
रीवा, 19 अगस्त। जिले के त्योंथर डिवीजन में पदस्थ सहायक इंजीनियर गगनेश अकौड़िया और उनके सहयोगी स्टाफ को बंधक बनाकर गंभीर रूप से मारपीट की गई। ये घटना चाकघाट थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्ला की है। आरोप है कि ट्रांसफार्मर बदलने गए बिजली विभाग के कर्मचारियों को सामाजिक कार्यकर्ता और बीएसएफ के रिटायर्ड जवान और उसके साथियों ने बंधक बनाया और जमकर मारपीट की। जानकारी के बाद त्योंथर एसडीओपी समरजीत सिंह ने मौके पर जाकर अधिकारियों को मुक्त कराया और आरोपियों को पकड़ कर थाने ले गए। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने पहुंचे थे सहायक इंजीनियर
जानकारी अनुसार- चाकघाट थाने के ग्राम चिल्ला में खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने बुधवार को एई गगनेश अकौड़िया और लाइनमैन वीरभद्र सिंह, मिलन मांझी, हेल्पर विनोद, शशांक रस्तोगी, और ड्राइवर दीपक गए थे। ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान मौके पर अरुण कुमार गौतम उर्फ कमांडो और उनके दर्जन भर साथी पहुंच गए। बताया जाता है कि बिजली सप्लाई को लेकर क्षेत्र में मचे हाहाकार के सिलसिले में कमांडो अरुण गौतम एई गगनेश से बहस बाजी कर बैठे। इस बीच बात बिगड़ गई अरुण कुमार गौतम और उसके साथी पहले एई को उठाकर ले गए और एक कमरे में बन्द कर दिया और बाद में उनके अधिनस्थ कर्मचारियों को भी कमरे में बन्द करके मारपीट की गई है।
पुलिस ने एई और उनके स्टाफ को छुड़ाया
एई और उनके स्टाफ को बंधक बनाने की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद एसडीओपी समरजीत सिंह परिहार दलबल के साथ पहुंचे और बंधक बने एई और अन्य कर्मचारियों को मुक्त कराया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि अरुण कुमार गौतम सीमा सुरखा बल में बतौर जवान सेवाएं दे चुका है और वो ट्रेंड कमांडो रहा है। सेवानिवृत्त होने के बाद फिलहाल त्योंथर में सामाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ है। इस घटना की विद्युत विभाग में तीखी प्रतिक्रिया है। पुलिस एई की शिकायत पर पूर्व कमांडो अरुण गौतम और उसके साथियों पर मामला दर्ज कर कार्यवाही कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications