Rajgarh Accident: राजगढ़ के नाले में कैसे बही वैन? 3 बच्चों समेत 9 की लाशें बरामद, दो युवक तैरकर बाहर निकले

Madhya Pradesh Rajgarh Eco Van Accident Reason: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार (10 अगस्त) सुबह एक दर्दनाक हादसे ने 9 लोगों को मौत की नींद सुला दिया। बताया जा रहा है कि पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास तेज बारिश के बीच एक ईको वैन निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहे पानी के बीच आगे बढ़ गई। कुछ ही पल में वाहन अनियंत्रित होकर झिरी नाले में जा गिरा।

देखते ही देखते तेज बहाव में वैन बहती चली गई। हादसे के वक्त वैन 11 लोग सवार थे। इसमें से 9 की जान चली गई, जबकि दो युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहे।

rajgarh-eco-van-accident-reason

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। SDERF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्रेन की मदद से नाले में डूबी ईको वैन को बाहर निकाला गया। हालांकि, वाहन के अंदर कोई जीवित व्यक्ति नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है और मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

30 फीट का पुल निर्माणाधीन, ऊपर से बह रहा था पानी

पुलिस के मुताबिक, हादसा पड़ाना कस्बे के पास हुआ। यहां झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण नाले का पानी बढ़ गया था और पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रास्ते से ईको वैन गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर पानी का तेज बहाव था और वाहन को आगे ले जाना जोखिम भरा था। ग्रामीणों ने ड्राइवर को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद वाहन पानी में उतार दिया गया। पानी का बहाव बढ़ने के कारण ईको वैन कुछ ही दूरी तक जा सकी और फिर अपना संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते वाहन नाले में जा गिरा और पानी के तेज बहाव में बह गया।

Rajgarh Van Accident EyeWitness: 9 लोगों की मौत का कौन जिम्मेदार?

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार ने बताया कि पुल के ऊपर पानी जमा था। उन्होंने और अन्य ग्रामीणों ने वाहन चालक को रोककर आगे पानी भरे होने की जानकारी दी थी। महेंद्र के मुताबिक, ग्रामीणों ने ड्राइवर से कहा था कि आगे घुटने तक पानी भरा है और वाहन को वहां से नहीं ले जाना चाहिए। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। सड़क पर रेलिंग नहीं होने के कारण वाहन नाले की तरफ चला गया और बहाव में फंसकर नीचे जा गिरा। इस हादसे ने निर्माणाधीन पुल और वहां सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन और PWD की ओर से कहा गया है कि निर्माणाधीन हिस्से पर डायवर्जन के बोर्ड लगाए गए थे।

Rajgarh Eco Van Accident: कहां जा रहे थे ईको वैन में सवार लोग?

पुलिस के मुताबिक, ईको वैन में सवार सभी लोग देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव के रहने वाले थे। वे राजगढ़ जिले के कड़लावद गांव की तरफ जा रहे थे। बताया गया है कि परिवार के एक सदस्य को इलाज के लिए कनावड़ धाम ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। ईको वैन मुकेश सिंह के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है और हादसे के समय वही वाहन चला रहा था। हादसे में उसकी जान बच गई। उसे और हुकुम सिंह को सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुकेश ने बताया क्यों पानी में उतारी कार?

हादसे से बचने वाले मुकेश ने अस्पताल में घटना के बारे में बताया कि वे सतवास के पास धांसड़ गांव से आ रहे थे। परिवार की एक महिला को लकवा लगने के बाद इलाज के लिए कनावड़ धाम ले जाया जा रहा था। मुकेश के मुताबिक, नाले में बाढ़ जैसी स्थिति थी। रास्ते में ग्रामीणों ने उन्हें आगे जाने से मना किया। इसके बाद वे करीब 15 मिनट तक रुके भी रहे। लेकिन इसी दौरान परिवार के बुजुर्ग सदस्य ने कहा कि अगर आज नहीं पहुंचे तो इलाज की पर्ची नहीं मिल पाएगी और अगले दिन फिर आना पड़ेगा। मुकेश के मुताबिक, विशाल ने भी आगे चलने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने गाड़ी पानी में उतार दी। मुकेश के इस बयान से हादसे से पहले की स्थिति का पता चलता है। हालांकि, वाहन पानी में उतारने के बाद घटनाक्रम इतनी तेजी से बदला कि उसमें सवार ज्यादातर लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

दो युवक तैरकर बाहर निकले

हादसे के बाद ईको वैन पानी के तेज बहाव में बह गई। इस दौरान मुकेश और हुकुम सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर किनारे तक पहुंचे। दोनों को बाद में सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में जीवित बचे दोनों लोगों से पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के बारे में जानकारी ले रही है। दूसरी ओर, नाले में बह गई ईको वैन को खोजने के लिए रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाया। पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

क्रेन से बाहर निकाली गई कार

घटना की जानकारी मिलने के बाद SDM रोहित बम्होरे और SDOP अरविंद सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDERF की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। काफी प्रयास के बाद क्रेन की मदद से ईको वैन को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, लेकिन उसमें कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद आसपास के इलाके में भी तलाश अभियान चलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पानी के बहाव वाले क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर शवों को बरामद किया।

Rajgarh Eco Van Accident Death People List: हादसे में 9 मरने वाले कौन-कौन?

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और अन्य लोग शामिल हैं। मृतकों की सूची इस प्रकार है...

  • रीनू, पत्नी हुकुम सिंह, उम्र 28 वर्ष
  • शंकर सिंह, उम्र 50 वर्ष
  • राजवीर, उम्र 3 वर्ष, पिता हुकुम सिंह
  • सागरबाई, पत्नी शंकर सिंह
  • जसप्रीत, पिता हुकुम सिंह
  • विशाल चौहान
  • पूजा, पत्नी विशाल चौहान, उम्र 27 वर्ष
  • रिशिका
  • आनंद सिंह
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+