Bhopal News: खुले में बोर का पता बताने वालों को मिलेगा पुरस्कार, बोरवेल को लेकर प्रशासन ने शुरू की सख्ती
मध्यप्रदेश में खुले पड़े बोरवेल को लेकर जिला प्रशासन और सख्त हो गया है राजधानी भोपाल में कलेक्टर अविनाश लवानिया ने नगर निगम को आदेश दिए हैं कि खुले पड़े बोरवेल को जल्द से जल्द बंद किया जाए।

Madhya Pradesh: भोपाल संभाग के विदिशा जिले में बीते दिन बोरवेल में गिरने से एक 7 साल के बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने अब सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने जिले में खुले पड़े बोर को तत्काल प्रभाव से बंद करने के लिए नगर निगम प्रशासन को आदेश जारी किए। साथ ही रहवासियों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास खुले पड़े बोर को बंद कराएं।
मिलेगा पुरस्कार
भोपाल जिले में नगर निगम प्रशासन ने खुले बोरों को बंद कराने का भी काम शुरू कर दिया है वहीं एसपी देहात भोपाल किरणलता केरकेट्टा ने अपील करते हुए कहा कि देहात क्षेत्र में कोई भी खुले हुए ट्यूबवेल की सूचना देगा तो उसे उसे सम्मानित किया जाएगा और पुरस्कार भी दिया जाएगा। साथ ही उसके नाम को गुप्त रखा जाएगा। आम आदमी सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9479990663 पर सीधे संपर्क कर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।
7 वर्षीय लोकेश गिर गया था बोरवेल में
बता दे विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम खेरखेड़ी पठार क्षेत्र में 2 दिन पहले एक 7 वर्षीय बालक बोरवेल के गड्ढे में गिर गया था। यह बच्चा बंदरों के पीछे भाग रहा था, तभी वह 60 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरा। परिजनों ने तुरंत जिला प्रशासन को 7 वर्षीय लोकेश की बोरवेल के गड्ढे में गिरने की सूचना दी। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रशासन ने लोकेश को बचाने के लिए 24 घंटे कड़ी मेहनत की, लेकिन जब लोकेश को बोरवेल से बाहर निकाला गया तो उसकी सांसे बंद हो चुकी थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
सीहोर एसपी ने भी जारी किया हेल्प लाइन नंबर
वहीं सीहोर के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने भी खुले बोरवेल को लेकर सूचना जारी की है। उन्होंने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। खुले हुए और असुरक्षित बोरवेल की सूचना देने के लिए सीहोर में 7049128382 और 0756222704 नंबर जारी किया गया है। मयंक अवस्थी ने बताया कि इस तरह की सूचना देने वाले को पुरस्कार भी दिया जाएगा। साथ ही उसकी पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications