Panna : मजदूर को मिला हीरा ढाई करोड़ में बिका, रातों-रात बन गया करोड़पति
Panna News , पन्ना। मध्यप्रदेश में पन्ना की धरती मजदूरों को रातों-रात करोड़पति बना देती है। यह बात उस समय चरितार्थ हो गई जब शनिवार को नीलामी में एक हीरा 2 करोड़ 55 लाख रुपए में बिका। इससे एक मजदूर रातों-रात करोड़पति बन गया। मजदूर मोती प्रजापति को यह हीरा दो माह पहले खेत में काम करते समय मिला था।
शनिवार को हीरा कार्यालय जिला पन्ना में खदानों से मिले हीरों की नीलामी हो रही थी। उसमें तभी झांसी निवासी राहुल अग्रवाल एंड कंपनी ने मोती प्रजापति के इस हीरे की कीमत छह लाख प्रति कैरेट लगाई और हाइजेस्ट विनर होने के कारण पन्ना जिले के इतिहास का दूसरा सबसे कीमती हीरा 2 करोड़ 55 लाख रुपए में राहुल अग्रवाल एंड कंपनी के नाम कर दिया गया।
हीरे को खरीदने के लिए मुंबई, दिल्ली और पंजाब से भी हीरा व्यापारी आए थे। सभी में इसे खरीदने का उत्साह था, लेकिन इस नायाब हीरे की सबसे अधिक बोली उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी राहुल अग्रवाल और इनकी कंपनी ने लगाई।इस हीरे की अच्छी कीमत मिलने से हीरा खोदने वाले मजदूरों में नई ऊर्जा का संचार है।
यह भी माना जा रहा है कि मजदूर को नए वर्ष का तोहफा मिला है, जिसने उसे रातों-रात करोड़पति बना दिया। ज्ञात हो कि 40 वर्ष पूर्व पन्ना जिले की इतिहास का 44 कैरेट का हीरा रसूल मोहम्मद को मिला था और अब मोली को मिला यह 42.59 कैरेट का हीरा दूसरा सबसे कीमती हीरा है।