Raisen News : रायसेन के तामोट में टेक्सटाइल उद्योग के खुलने से 3 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार : सीएम शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन जिले के तामोट गांव में सागर ग्रुप के टेक्सटाइल उद्योग के लिए 1070 करोड़ रुपए की नवीन निवेश परियोजना का अनावरण किया। सीएम ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग के खुलने से 3 हजार लोगों को रोजगार मिले
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार प्रदेश में निवेश को लेकर परियोजनाओं का अनावरण कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने रायसेन जिले के तामोट गांव में सागर ग्रुप के टेक्सटाइल उद्योग के लिए 1070 करोड़ रुपए की नवीन निवेश परियोजना का अनावरण किया। इस मौके पर मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, मंत्री प्रभुराम चौधरी, डॉ अरविंद सिंह भदौरिया, रमाकांत भार्गव व स्थानीय विधायक सुरेंद्र पटवा के साथ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और सागर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सबसे उन्नत खेती रायसेन में होती है। खेती के बारे में यह कहते हुए मुझे गर्व है कि गेहूं के उत्पादन में हमने पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है। हमारा बासमती भी दुनिया में धूम मचा रहा है। हम खेती को बढ़ावा देंगे, साथ ही उद्योगों को बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं। जब उद्योग आते हैं, तो प्रत्यक्ष के साथ-साथ अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलते हैं। रोजगार में प्राथमिकता हमारे स्थानीय और मध्यप्रदेश के बच्चों को दी जाये। इसके लिए जरूरत हो, तो ट्रेनिंग भी देने का काम करें।

3 हजार लोगों को सीधे-सीधे मिलेगा रोजगार
सीएम शिवराज ने कहा कि जब कोई उद्योग लगता है तो मेरा स्वार्थ होता है कि हमारे बच्चों को रोजगार मिल पाए और यहां 1070 करोड़ रुपये का जो नया निवेश होने वाला है, उससे 3 हजार बच्चों को सीधे-सीधे रोजगार मिलेगा। हमारे लिए यह गर्व और आनंद का विषय है कि टेक्सटाइल के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश के टॉप टेन राज्यों में शुमार हो गया है। शीघ्र ही टेक्सटाइल के क्षेत्र में हमारा मध्यप्रदेश नंबर एक का राज्य बन जायेगा। नशा, नाश की जड़ है, इसने अनेक परिवार को तबाह और बर्बाद कर दिया है। भावी पीढ़ी को खोखला करने वाले नशे के कारोबार को हम चलने नहीं देंगे। हमने हुक्का लाऊंज बंद करवा दिए हैं और निरंतर नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाइयां कर रहे हैं।

उद्योग आना हमारे लिए वास्तव में शुभ : CM शिवराज
सीएम शिवराज ने प्रदेश में बढ़ते उद्योग को लेकर कहा कि उद्योग आना हमारे लिए वास्तव में शुभ है। उद्योग आने से कई लाभ होते हैं। जमीन की कीमत बढ़ती है, गाड़ियां लगती हैं, होटल एवं ढाबे आदि की आवश्यकता होती है। इससे अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और 2 साल के बाद रायसेन के इस क्षेत्र की आर्थिक दशा बदल जाएगी।

पन्ना जिले में सीमेंट फैक्ट्री का किया लोकार्पण
कल सीएम शिवराज ने पन्ना जिले में सीमेंट फैक्ट्री का लोकार्पण किया था। टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि वहां भी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 3 हजार लोगों को रोजगार मिलने वाला है।सीएम ने कहा कि कल मैं पीथमपुर में कई उद्योगों का लोकार्पण व भूमिपूजन करने जा रहा हूं। मध्यप्रदेश में सुख-समृद्धि आए, ऋद्धि-सिद्धि आए। लोगों को रोजगार मिले और सबका मन आनंद और प्रसन्नता से भर जाए तो मेरा मुख्यमंत्री बनना सार्थक हो जाएगा।

खेती के विकास के लिए कृषि महाविद्यालय होगा प्रारंभ : CM
सीएम शिवराज ने पन्ना के ग्राम देवरा में जेके सीमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि प्रदेश की प्रगति और विकास के लिए उद्योग भी बहुत जरूरी है। कृषि के साथ-साथ हमें उद्योगों को भी बढ़ाना होगा, ताकि अपने बच्चों को रोजगार दे सकें। पन्ना में हमने वचन दिया है कि खेती के विकास के लिए कृषि महाविद्यालय प्रारंभ करेंगे। अगले सत्र में पन्ना में कृषि महाविद्यालय प्रारंभ हो जाएगा।
सीएम ने कहा कि पन्ना में आईआईटी भी खोलने का फैसला किया है जिसमें स्थानीय बेटा-बेटियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, काम सिखाया जाएगा। उद्योग आने से कई लाभ होते हैं। जमीन की कीमत बढ़ती है, गाड़ियां लगती हैं, होटल एवं ढाबे आदि की आवश्यकता होती है। अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और पन्ना के इस क्षेत्र की आर्थिक दशा बदल जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications