एमपी की बेटी भावना डेहरिया सबसे ऊंचे शिखर माउंट एल्ब्रुस रूस पर फहराएंगी तिरंगा, ऊंचाई 18 हजार 510 फीट
मध्यप्रदेश का नाम दुनिया में रोशन करने वाली भावना डेहरिया अब 15 अगस्त को यूरोप की सबसे ऊंची शिखर माउंट एल्ब्रुस रूस (ऊंचाई 18 हजार 510 फीट) पर तिरंगा फहराएंगी
भोपाल, 5 अगस्त। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर मध्यप्रदेश का नाम दुनिया में रोशन करने वाली भावना डेहरिया अब 15 अगस्त को यूरोप की सबसे ऊंची शिखर माउंट एल्ब्रुस रूस (ऊंचाई 18 हजार 510 फीट) पर तिरंगा फहराएंगी। आजादी के अमृत महोत्सव (Amrit Mahotsav) में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के एएमडी श्री विवेक श्रोत्रिय ने पर्वतारोही भावना को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सफल होने की शुभकामनाएं दी। हर घर तिरंगा (Har Ghar Tiranga) अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता लाने की बात भी कही।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर और प्रमुख सचिव पर्यटन और प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला के मार्गदर्शन में टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा जिले के तामिया गाँव की पर्वतारोही भावना मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के कार्यालय पहुंची। डिप्टी डायरेक्टर एडवेंचर एवं फिल्म उमाकांत चौधरी ने भी भावना को शुभकामनाएं दी। चौधरी ने बताया कि टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश में एडवेंचर और ट्रेकिंग के प्रति युवाओं में आकर्षण बढ़ाने हेतु इस तरह के प्रयासों में सहयोग किया जा रहा है।
पर्वतारोही भावना 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट के शिखर पर फतेह हासिल करने वाली प्रदेश की चुनिंदा महिलाओं में से एक है। उन्होंने वर्ष 2019 में दीपावली के दिन अफ्रीका महाद्वीप का माउंट किलिमंजारो और होली के दिन ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप का माउंट कोजिअस्को के सबसे ऊँचे शिखर पर फतह हासिल कर भारत का परचम दुनिया में लहराया था।












Click it and Unblock the Notifications