MP News: विदिशा में स्पीड ब्रेकर चोरी! जानिए कैसे सड़क से गायब हो गए 9 लाख के ब्रेकर, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
MP News: अब तक आपने घरों, दुकानों, मंदिरों और तिजोरियों में चोरी की खबरें सुनी होंगी, लेकिन विदिशा में चोरों ने चोरी की हदें पार कर दी हैं। यहां चोरी किसी बंद कमरे में नहीं, बल्कि खुली सड़कों पर हुई है, वो भी ऐसी चीज की जो जमीन में मजबूती से जड़ी होती है।
जी हां, विदिशा शहर में स्पीड ब्रेकर चोरी की एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने नगर प्रशासन और पुलिस व्यवस्था दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

सड़क से ही गायब हो गए स्पीड ब्रेकर
गुरुवार को इस सनसनीखेज मामले की पुष्टि तब हुई जब नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) दुर्गेश ठाकुर ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि शहर की कई प्रमुख सड़कों से स्पीड ब्रेकर गायब हो चुके हैं।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, करीब 6 महीने पहले शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और ओवरस्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए पीतलमील चौराहा, अहमदपुर चौराहा, दुर्गानगर चौराहा, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और विवेकानंद चौराहा जैसे बेहद व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में स्पीड ब्रेकर लगाए गए थे।
इन स्पीड ब्रेकरों पर नगर पालिका द्वारा करीब 9 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
रातों-रात उखाड़ ले गए चोर
अब जांच में सामने आया है कि चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि कई स्थानों से स्पीड ब्रेकर उखाड़कर चोरी कर लिए। यह चोरी किसी एक रात में हुई या कई रातों में-इसकी जांच की जा रही है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात शहर की मेन सड़कों और चौराहों से हुई, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि- "अगर सड़क पर लगे स्पीड ब्रेकर चोरी हो सकते हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या भरोसा?"
8 लाख का नुकसान, FIR दर्ज
नगर पालिका सीएमओ दुर्गेश ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में करीब 8 लाख रुपये के स्पीड ब्रेकर चोरी होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज, आसपास के इलाकों और कबाड़ बाजारों की जांच की जा रही है।
दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा
स्पीड ब्रेकर चोरी होने से सिर्फ सरकारी खजाने को नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। जिन चौराहों से ब्रेकर हट गए हैं, वहां अब वाहन तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का कहना है कि पहले जहां ब्रेकर के कारण वाहन धीमे चलते थे, अब वहां तेज गति से गाड़ियां दौड़ रही हैं।
शहर में चर्चा का विषय बनी चोरी
स्पीड ब्रेकर चोरी की यह घटना अब पूरे विदिशा शहर में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग सोशल मीडिया से लेकर चौराहों तक एक ही सवाल पूछ रहे हैं-
- इतनी भारी चीजें चोरी कैसे हुईं?
- क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह है?
- और सबसे अहम, क्या शहर की निगरानी व्यवस्था पूरी तरह नाकाम हो चुकी है?
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन यह मामला प्रशासन के लिए एक बड़ा सबक बनकर सामने आया है कि अब चोरी से सिर्फ घर और दुकानें ही नहीं, सड़कें भी सुरक्षित नहीं रहीं।












Click it and Unblock the Notifications