MP News: सीएम मोहन यादव ने भवन निर्माण प्रक्रिया सरल करने के दिए निर्देश, जानिए क्या बोले मुख्यमंत्री
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बिल्डिंग परमिशन और कम्पाउडिंग के नियम और प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए। नियम स्पष्ट और सरल हों। जिसे आम आदमी आसानी से समझ सके। उसे कोई परेशानी न हो। सामान्य व्यक्ति जीवन में एक बार मकान बनाता है। ऐसे में बिल्डिंग परमिशन आदि की व्यवस्था ऐसी की जाएं। जिससे वह परेशान न हो। निर्धारित समय-सीमा में कार्य हो। नगरीय निकायों से नक्शे जल्दी पास कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भवन अनुमति से संबंधित सॉफ्टवेयर का आंकलन कर यह तय करें कि वर्तमान में औसतन कितने दिनों में भवन अनुमति जारी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश नगरीय विकास एवं आवास विभाग की विधानसभा के समिति कक्ष में हुई बैठक में दिए।
शहरों को बेहतर बनाने की हो प्लानिंग
सीएम यादव ने कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण के लिए भी नगरीय निकायों से अनुमति प्राप्त की जाए। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड, पर्यटन सहित शासकीय भवन निर्माण में संलग्न सभी एजेंसियां बिल्डिंग परमिशन लें और निर्माण में बिल्डिंग लाइन, ओपन स्पेस, पार्किंग आदि का ध्यान रखें। टीडीआर व टीओडी के क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ताकि आम लोगों को सुविधा प्राप्त हो। शहरों की बेहतर प्लानिंग भी सुनिश्चित की जा सकें। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सड़क चौड़ी करने से संबंधित प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर तरीके से की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि स्थानीय निवासियों की समस्याएं न बढ़ें। उन्हें सुविधा प्राप्त हो। साथ ही सड़क चौड़ी करने में बिजली संबंधी कार्यों में लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।













Click it and Unblock the Notifications