जानिए कौन है कटर मैन और क्यों कर रहा था लड़कियों पर हमला, भोपाल पुलिस ने किया बड़ा खुलासा | MP News |
MP Bhopal News: राजधानी भोपाल में बीते कई दिनों से एक रहस्यमय और खौफनाक हमलावर को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ था। सड़कों पर चलते हुए लड़कियों और महिलाओं के मन में डर बैठ गया था। हर किसी के मन में यही सवाल था कि आखिर कौन है वह शख्स, जो अचानक पीछे से आता है, कटर से हमला करता है और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो जाता है।
कॉलोनियों, हॉस्टल इलाकों और बाजारों में यही चर्चा थी-"कटर मैन आखिर है कौन?" अब इस सवाल से भोपाल पुलिस ने पर्दा उठा दिया है और जो सच्चाई सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली है।

क्या है पूरा मामला और कौन है आरोपी कटर मैन
भोपाल में तीन छात्राओं पर कटर से हमला करने वाला साइको मैन आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। बुधवार रात पुलिस ने छोला इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ा। आरोपी की पहचान देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो सागर जिले का रहने वाला है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि देवेंद्र ने यह वारदात किसी लूट या निजी रंजिश के लिए नहीं, बल्कि अपने निजी जीवन में चल रहे तनाव और गुस्से को निकालने के लिए की थी। पत्नी से झगड़े और उसके मायके चले जाने के बाद आरोपी के मन में महिलाओं के प्रति नफरत पैदा हो गई थी, और उसी नफरत का शिकार बेगुनाह छात्राएं बनीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि देवेंद्र इससे पहले सागर में भी चार युवतियों पर कटर से हमला कर चुका था। वहां के मामलों में उसका खुलासा नहीं हो पाया, जिससे उसके हौसले और ज्यादा बुलंद हो गए। यही वजह रही कि उसने भोपाल जैसे बड़े शहर को निशाना बनाया।
29 जनवरी को उसने पिपलानी इलाके में रात करीब 9:30 बजे पहली वारदात को अंजाम दिया। उसी इलाके में उसने दो अन्य युवतियों को भी कटर मारकर घायल किया। हालांकि पिपलानी क्षेत्र में केवल दो पीड़िताओं ने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी ने अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के नरेला शंकरी इलाके में एक और युवती पर हमला किया।
इन घटनाओं के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। भोपाल पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बड़ा ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने देवेंद्र पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। क्राइम ब्रांच के साथ-साथ अयोध्या नगर और पिपलानी थानों की कुल 40 टीमें उसकी तलाश में लगाई गईं। पुलिस ने शहर के हिस्ट्रीशीटरों का डेटा खंगाला, पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाले और हर संभावित एंगल से जांच शुरू की।
कैसे पकड़ा गया आरोपी
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल किया। शहर और आसपास के इलाकों में लगे 900 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध बाइक नजर आई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला। बाइक नंबर के आधार पर करीब 600 संदेहियों से पूछताछ की गई। इसके अलावा आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया और सागर जिले से जुड़े पुराने मामलों की जानकारी जुटाई गई।
बुधवार रात आरोपी एक बार फिर वारदात की नीयत से घर से निकला था, लेकिन इस बार पुलिस पहले से अलर्ट थी। जैसे ही संदिग्ध बाइक सड़कों पर नजर आई, पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी देवेंद्र अयोध्या बाइपास होते हुए कोच फैक्ट्री के जंगलों की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उसकी तलाशी ली गई, तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं।
पुलिस के मुताबिक, देवेंद्र के मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो भी मिले हैं। पूछताछ में उसने नशा करने की बात भी स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी नाराज होकर मायके चली गई है और फिलहाल सागर के राहतगढ़ में रह रही है। कई बार मनाने के बावजूद पत्नी वापस आने को तैयार नहीं थी। इसी बात से वह अंदर ही अंदर टूट गया और उसका गुस्सा महिलाओं के प्रति नफरत में बदल गया।
देवेंद्र ने कबूल किया कि महिलाओं को चोट पहुंचाकर उसे एक तरह की मानसिक संतुष्टि मिलती थी। सागर में किए गए हमलों का जब खुलासा नहीं हुआ, तो उसे लगा कि वह बच सकता है। यही सोच उसे भोपाल तक ले आई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किसी और शहर में तो ऐसी वारदात नहीं की है।
भोपाल पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर की महिलाओं और छात्राओं ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक इतिहास की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। कटर मैन की गिरफ्तारी ने भले ही इस खौफनाक सिलसिले पर ब्रेक लगा दिया हो, लेकिन इस मामले ने समाज और सिस्टम दोनों के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications