MP News: UGC एक्ट को लेकर सड़कों पर उतरेगी भीम आर्मी, 12 फरवरी को भोपाल में सीएम हाउस घेराव
MP News Bhim Army: आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर बड़ा जन-आंदोलन करने की घोषणा की है। 12 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री निवास के सामने घेराव प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
यह आंदोलन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए इक्विटी रेगुलेशंस 2026 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक के विरोध में होगा। पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य और DPSS के संस्थापक दामोदर यादव मंडल ने आज भोपाल कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि UGC के नियम बहुजन और OBC छात्रों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं, लेकिन रोक लगने से दलित-ओबीसी समाज में गहरा रोष है।

दामोदर यादव मंडल ने कहा, "आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद एकमात्र ऐसे सांसद हैं जिन्होंने संसद में UGC एक्ट का मुद्दा उठाया और स्टे के विरोध में सड़कों पर उतरने की घोषणा की। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने फिर साबित कर दिया कि वह भाजपा की B टीम है। UGC के इस मुद्दे पर OBC वर्ग को असली दोस्त और दुश्मन की परख करने का मौका मिल गया है।"
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास घेराव होगा। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता पहुंचेंगे। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश संयोजक सुनील बैरसिया ने पहले ही घेराव की घोषणा कर दी है। दामोदर मंडल ने चेतावनी दी कि यदि UGC नियमों पर रोक हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज होगा।
ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहेब की मूर्ति के लिए संकल्प यात्रा
पत्रकार वार्ता में आज़ाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और फाउंडर मेम्बर सुनील अस्तेय ने ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि नागपुर की दीक्षा भूमि से दामोदर मंडल के संयोजन में "संकल्प यात्रा" की शुरुआत हो चुकी है। इसका दूसरा चरण 14 फरवरी से भोपाल से शुरू होगा। इस यात्रा के जरिए प्रदेशभर के हजारों कार्यकर्ता ग्वालियर पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापना के लिए संकल्पित हैं।
सुनील अस्तेय ने कहा, "यह सिर्फ मूर्ति का मुद्दा नहीं है। यह संविधान के सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। हम शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ तरीके से अपनी मांग पूरी करवाएंगे।"
OBC को हिंदू नहीं मानने का आरोप
आज़ाद समाज पार्टी युवा विंग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल गुर्जर ने UGC नियमों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "UGC के नए नियम OBC छात्रों के हित में हैं। ये नियम जाति-आधारित भेदभाव रोकने के लिए हैं। लेकिन जिन लोग हिंदू-हिंदू भाई-भाई का नारा देते हैं, वे इन नियमों का विरोध कर रहे हैं। क्या इससे साबित नहीं होता कि वे OBC वर्ग को हिंदू नहीं मानते? यह दोहरा चरित्र है।"
अनिल गुर्जर ने कहा कि UGC के नियम बहुजन समाज के छात्रों को कैंपस में सुरक्षा देते हैं। सुप्रीम कोर्ट की रोक से दलित-ओबीसी छात्र फिर असुरक्षित हो गए हैं। पार्टी इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन जारी रखेगी।
पत्रकार वार्ता में मौजूद प्रमुख लोग
कार्यक्रम में अमित बंसोड़, कमल सिंह कुशवाह (सम्राट), राजकुमार प्रजापति सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आंदोलन की रूपरेखा
- 12 फरवरी: मुख्यमंत्री निवास घेराव (UGC रोक विरोध)
- 14 फरवरी से: संकल्प यात्रा का दूसरा चरण (भोपाल से ग्वालियर)
- मांगें: UGC इक्विटी नियम बहाल हों, सुप्रीम कोर्ट की रोक हटे; ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित हो।
आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी का यह आंदोलन अब सिर्फ UGC और मूर्ति का मुद्दा नहीं रह गया है। यह दलित-ओबीसी समाज की एकजुटता और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक बन रहा है। 12 फरवरी का घेराव और उसके बाद की संकल्प यात्रा प्रदेश की राजनीति में नया तापमान ला सकती है।












Click it and Unblock the Notifications