दावा: मरीज के मुंह से निकला दुनिया का सबसे लंबा दांत, डॉक्टर्स रह गए दंग
खरगौन। मध्य प्रदेश के खरगौन में डॉक्टर ने एक युवक के जबड़े से 39 मिमी लंबा दांत निकाला है। डॉक्टर का दावा है कि यह दुनिया का सबसे लंबा इंसानी दांत है। खरगौन के डेंटिस्ट डॉक्टर सौरभ श्रीवास्तव का कहना है कि इस दांत की लंबाई को लेकर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराएंगे।
लंबे दांत की वजह से हो रही थी परेशानी
बीते 29 फरवरी को डॉक्टर सौरभ श्रीवास्तव को इंजीनियरिंग के छात्र 20 वर्षीय पवन भावसार दांत में दर्द की शिकायत लेकर दिखाने आए। बड़े दांत की वजह से पवन परेशान हो चुके थे।पवन ने पहले भी एक दांत निकलवाया था, जो 36 मिलीमीटर लंबा था। वहीं, दूसरा दांत से भी दिक्कत हुई तो वह फिर डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर सौरभ ने पवन का दूसरा दांत निकाला तो वह पहले वाले से भी लंबा निकला।
डॉक्टर का दावा- दुनिया का संबसे लंबा दांत
डॉ. सौरभ श्रीवास्तव का दावा है कि इस दांत की लंबाई 39 मिलीमीटर है। यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज 37.3 मिलीमीटर लंबे दांत से बड़ा है। गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकार्ड में वर्ष 2019 में जर्मनी के डेंटिस्ट मैक्स लुक्स के नाम सबसे लंबा दांत निकालने का रिकॉर्ड दर्ज है। रिपोर्ट के मुताबिक, लुक्स ने 37.2 मिमी लंबा दांत निकाला था। डॉक्टर मैक्स लुक्स ने से पहले गुजरात के वडोदरा के डॉक्टर जैमिन पटेल ने 36.7 मिमी लंबा दांत निकालकर रिकॉर्ड बनाया था। अब जर्मनी के डॉक्टर लुक्स के रिकार्ड को भारत के मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के डॉक्टर सौरभ श्रीवास्तव ने तोड़ने का दावा किया है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाऐंगे नाम
डॉक्टर सौरभ श्रीवास्तव का कहना है कि 39 मिलीमीटर लंबा यह दांत दुनिया का सबसे लंबा दांत है। वह इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराएंगे। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर इंसानी दांत की लंबाई 28 मिमी होती है, लेकिन इस दांत की लंबाई अधिक है।