VIDEO : मोहम्मद महबूब ने पटरियों पर गिरी बच्ची की जान बचाई, दोनों के ऊपर से गुजरी पूरी मालगाड़ी
भोपाल, 12 फरवरी। मध्य प्रदेश के भोपाल में 37 वर्षीय मोहम्मद महबूब ने अपनी जान पर खेलकर तीन साल की बच्ची को बचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग महबूब की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
Recommended Video

हुआ यूं कि पांच फरवरी की शाम को भोपाल के बरखेड़ी इलाके से महबूब अपने कारखाने से जा रहे थे। रास्ते में देखा कि मालगाड़ी आ रही है। अन्य लोग भी उनके साथ थे। वे सभी पटरियों के पास रुक गए ताकि मालगाड़ी पास हो जाए।
इस दौरान महबूब तीन साल की एक बच्ची को देखकर दंग रह गए। बच्ची रेलवे ट्रैक के किनारे पर अपने माता-पिता के साथ खड़ी थी, जो अचानक रेल पटरियों पर गिर गई।
इसे दखकर वहां खड़े सभी लोग हतप्रभ थे, लेकिन मोहम्मद महबूब ने बहादुरी दिखाई और अपनी जान की परवाह किए बिना रेल की पटरियों के बीच से उठने की कोशिश कर रही बच्ची की तरफ दौड़ पड़े।
फिर उन्होंने बच्ची की ओर बढ़कर रेल पटरियों पर ही गोता लगा लिया। यह जानते हुए कि उसे बचाने के लिए उसके पास अब समय नहीं है। तभी मालगाड़ी नजदीक आ गई और महबूब ने बच्ची को पकड़कर रेल पटरियों के बीच खींच लिया।
लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क महबूब ने अपना सिर नीचे कर लिया, ताकि ट्रेन से टक्कर न हो। उसने फौरन बच्ची का भी सिर पकड़कर नीचे कर लिया। फिर पूरी ट्रेन दोनों पर से गुजर गई।
इस दौरान ट्रैक के किनारे खड़े लोगों ने उसकी अविश्वसनीय बहादुरी का एक वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महबूब बच्चे को पकड़े हुए है और ऊपर से ट्रेन गुजर रही है।












Click it and Unblock the Notifications