प्रशांत किशोर और कन्या विवाह योजना को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमलावर हुए मंत्री विश्वास सारंग
21 अप्रैल से पुनः शुरू होने जा रही कन्या विवाह योजना पर कांग्रेस के भ्रष्टाचार के आरोप पर मंत्री विश्वास सारंग ने जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने हर एक जनहित की योजनाओं को बंद किया।
भोपाल, 21 अप्रैल। प्रदेश में दो साल बाद फिर शुरू हो रही कन्या विवाह योजना पर कांग्रेस के भ्रष्टाचार का आरोप लगाने पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पलटवार करते हुए कहा कि गरीबों के हित की योजनाओं से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों के हित की हर योजना को बंद किया।

मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कन्या विवाह योजना के नाम पर ढकोसले तो बहुत किए, लेकिन एक भी लाभार्थी को पैसा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कन्या विवाह योजना प्रदेश की शिवराज सरकार की महत्वाकांशी और संवेदनशीलता से भरी योजना है।
आपको बता दें कि इस योजना को लेकर सियासत शुरू हो गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा और योजना के लाभार्थियों के खाते में कम राशि भेजने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का आरोप है कि कमलनाथ की सरकार ने योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में ₹48 हजार डाले जाते थे, जिससे सरकार ने कम करके ₹11 हजार कर दिया है।
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर मंत्री विश्वास सारंग का बयान

मंत्री सारंग ने कहा कि अमित शाह का भोपाल आना हम सभी के लिये सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने अखंड भारत के निर्माण के लिए काम किया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि धारा 370 को हटाने का संकल्प पूरा किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह भोपाल में तेंदुपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन में भाग लेंगे और भाजपा सरकार ने हर समय तेंदुपत्ता संग्राहकों को संरक्षण देने का काम किया।
प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने पर मंत्री विश्वास सारंग का बयान

मंत्री सारंग ने कहा कि जब पार्टी के पास नेता और कार्यकर्ता नहीं होते तो मैनेजमेंट गुरू का सहारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई रणनीतिकार नहीं है, दिल्ली से भोपाल तक कांग्रेस के पास न नेता, न नीति और न ही कोई कार्यक्रम है।
एम्बुलेंस की संख्या में वृद्धि पर मंत्री सारंग का बयान
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में हमने एंबुलेंस की सुविधा को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की संख्या को हमने बढ़ाया है और व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त किया है। सीएम के निर्देशानुसार हम एंबुलेंस की नई व्यवस्था की शुरूआत कर रहे हैं।
दिग्विजय सिंह पर मंत्री सारंग ने साधा निशाना
मंत्री सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह के पास एक ही काम बचा है ट्विटर पर बातचीत करना। दिग्विजय ट्विटर के माध्यम से ही सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय को ट्विटर पर सवार होकर राजनीति करने की आदत हो गई है। एक एफआईआर के बाद दिग्विजय सिंह भयभीत हो गये हैं।
प्रिकोशन डोज को निःशुल्क करने पर मंत्री सारंग ने दी जानकारी
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में स्थिति अभी नियंत्रण में है, प्रिकोशन डोज़ को लेकर केंद्र सरकार की गाइडलाइन का पालन होगा।












Click it and Unblock the Notifications