MP Politics: SIR समीक्षा के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस-TMC पर करारा प्रहार
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को शिवपुरी में जनसंपर्क के साथ दिन की शुरुआत करते हुए चुनावी तैयारियों से जुड़ी SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने न सिर्फ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के योगदान की जमकर सराहना की, बल्कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उनके "दोहरे मापदंड" उजागर किए।

समीक्षा बैठक के दौरान सिंधिया ने साफ शब्दों में कहा कि संगठन किसी भी राजनीतिक संस्था की आत्मा होता है और इन्हीं समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
"जीतें तो प्रक्रिया लोकतांत्रिक, हारें तो सवाल"-सिंधिया
SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा- "जब चुनाव आयोग की निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर भाजपा जीतती है, तब विपक्ष उसे गलत ठहराने लगता है। लेकिन जब वही प्रक्रियाएं उन्हें जीत दिलाती हैं, तब अचानक वही प्रक्रिया लोकतांत्रिक और निष्पक्ष हो जाती है।" उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की राजनीति का दोहरा चेहरा है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है।
SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं, पारदर्शिता से डर क्यों?
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पष्ट किया कि SIR कोई नई या अचानक लागू की गई व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह पहले भी लागू होती रही है।
उन्होंने कहा-"जो सरकारें सत्य और संविधान के मार्ग पर चलती हैं, उन्हें ऐसी पारदर्शी प्रक्रियाओं से डरने की कोई आवश्यकता नहीं होती।"
सिंधिया ने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को और अधिक पारदर्शी, शुद्ध और अद्यतन बनाना है, जिससे लोकतंत्र मजबूत हो।
TMC पर तीखा कटाक्ष-"गंगा का रास्ता सबको पता है"
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर भी तीखा हमला किया। पश्चिम बंगाल में हालिया विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए सिंधिया ने कहा-
"सबको पता है कि उत्तर प्रदेश और बिहार से होकर गंगा कहाँ जाती है। उनका समय भी अब ज्यादा दूर नहीं है।"
उनका यह बयान सीधे तौर पर TMC की राजनीति और भविष्य पर सवाल खड़े करता नजर आया।
SIR के बाद शिवपुरी में मतदाताओं की संख्या 12.40 लाख पार
बैठक में अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि SIR प्रक्रिया के बाद शिवपुरी जिले में मतदाताओं की संख्या 12 लाख 40 हजार से अधिक हो चुकी है। इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए Form-6 से जुड़े कार्य लगातार प्रगति पर हैं।
- सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ें।
- "मतदाता, कार्यकर्ता और संगठन-तीनों मजबूत होंगे तभी लोकतंत्र सशक्त होगा"
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा- "जब संगठन, कार्यकर्ता और मतदाता आपस में मजबूत रूप से जुड़े रहते हैं, तभी लोकतंत्र सशक्त बनता है और राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी प्रक्रिया में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे रहने का आह्वान किया।
राजनीतिक संकेत साफ
SIR समीक्षा के बहाने ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह बयान साफ संकेत देता है कि आने वाले चुनावों से पहले भाजपा संगठन, मतदाता सूची और बूथ स्तर पर पूरी मजबूती के साथ उतरने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष के हर सवाल का राजनीतिक और वैचारिक जवाब देने के मूड में भी दिखाई दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications