बदरवास में बदली डाक की तस्वीर: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उप-डाकघर का किया लोकार्पण
MP News: बदरवास की ऐतिहासिक गलियों में आज एक नई शुरुआत लिखी गई। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास में नवनिर्मित उप-डाकघर का लोकार्पण किया। करीब 0.81 लाख रुपये की लागत से तैयार यह उप-डाकघर अब आधुनिक सुविधाओं के साथ आम जनता की सेवा के लिए समर्पित हो गया है।
लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बदरवास के प्राचीन मंदिर की गली में स्थित यह पोस्ट ऑफिस केवल एक भवन नहीं, बल्कि बदलते भारत की सोच और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से शुरू हुए डाक आधुनिकीकरण अभियान के तहत क्षेत्र के 50 पोस्ट ऑफिस का कायाकल्प किया जा चुका है और बदरवास का यह उप-डाकघर उसी कड़ी का अहम हिस्सा है।

"आज का डाकिया चिट्ठी नहीं, बैंक साथ लेकर आता है"
अपने चिर-परिचित अंदाज़ में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग की बदलती भूमिका को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा, "कभी डाकिया केवल चिट्ठी लाता था-घर से दिल और सरहद से घर तक भावनाएं पहुंचाता था। सनी देओल की फिल्म में 'चिट्ठी आई है' मशहूर हुआ, लेकिन आज का डाकिया चिट्ठी के साथ पूरा बैंक लेकर आता है।"
उन्होंने बताया कि पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, बीमा योजनाएं और सुकन्या समृद्धि योजना आज ग्रामीण और कस्बाई भारत की आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं। सुकन्या समृद्धि योजना को उन्होंने एक बीज की संज्ञा देते हुए कहा कि माता-पिता इसे मिलकर सींचते हैं और यही बीज आगे चलकर बेटियों के भविष्य का मजबूत वटवृक्ष बनता है।
किसानों और महिलाओं के लिए दो बड़े समझौते
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एक और बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दो अहम एमओयू किए गए हैं।
पहला समझौता खाद की रियल-टाइम मॉनिटरिंग से जुड़ा है, जिससे किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध हो सकेगी। इससे कालाबाजारी और अव्यवस्था पर भी लगाम लगेगी।
दूसरा एमओयू ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ा है। इसके तहत इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण देकर गांव-गांव खाते खुलवाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। सिंधिया ने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाएं हर महीने 15 हजार से 30 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।
"हर गांव, हर घर तक पहुंच रहा है डाक विभाग"
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत का डाक विभाग केवल डाक पहुंचाने तक सीमित नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सेवाओं, भरोसे और नेटवर्क के दम पर भारत का डाक विभाग पूरे विश्व में पहला स्थान हासिल करेगा।
बदरवास में उप-डाकघर के लोकार्पण के साथ ही यह संदेश भी साफ हो गया कि डाकघर अब केवल चिट्ठियों का ठिकाना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के विकास, बैंकिंग और आत्मनिर्भरता का मजबूत केंद्र बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications