JEE Advance Result 2022: सतना के शिवम ने YouTube को बनाया 'गुरु', बिना कोचिंग जेईई एडवांस में हासिल की सफलता
सतना, 12 सितंबर। जिले के अमरपाटन क्षेत्र के ककरा निवासी शिवम पटेल की जेईई एडवांस में ऑल इंडिया रैंक 1452वीं है। जिन्होंने अपनी कामयाबी की वज़ह सेल्फ स्टडी के साथ सोशल मीडिया के ही एक लोकप्रिय पार्ट यूट्यूब को भी बताया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के माध्यम से पढ़ाई करना बहुत आसान होता है। तैयारी के समय हमें जहाँ पर भी दिक्कत आती है, वह यूट्यूब पर समझ कर पढ़ सकते हैं।

सेल्फ स्टडी से परिवार का किया सपना पूरा
जिले के अमरपाटन तहसील का छोटा सा गांव है ककरा। इस गांव का एक कृषक परिवार के मुखिया हैं रविशंकर पटेल। उन्होंने एमएससी जुलॉजी से की है और बीएड भी किया है। लेकिन किन्ही कारणों से उन्हें शासकीय नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने गांव में ही रहकर खेती किसानी शुरू कर दी लेकिन अपने सपने वे अपने बच्चों में देखने लगे थे। एक बेटी और एक बेटे को वे शासकीय सेवक के रूप में देखना चाहते थे। लिहाजा उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में खुद को झोंक दिया। अब इसका नतीजा भी सामने आया है। उनके बेटे शिवम का चयन आईआईटी एडवांस में हो गया है। शिवम ने सफलता के लिए कोचिंग के मिथक को तोड़ते हुए गांव से ही तैयारी की और यू-ट्यूब के जरिये भी पढ़ाई जारी रखी।

गांव में रहकर पास की परीक्षा
शिवम ने बताया कि उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा ककरा गांव में ही पूरी की। पढ़ाई का पूरा ध्यान पिताजी ही रखते हैं। हालांकि मां शिक्षक है लेकिन पापा ही पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित करते रहते थे। उनकी वजह से बड़ी बहन पद्मा का चयन दिल्ली यूनिवर्सिटी में हुआ। वहां बीए करने के बाद अब ककरा में आकर वे पीएससी की तैयारी कर रही हैं। पिता ने हाईस्कूल के लिए अमरपाटन में दाखिला दिला दिया। पिता की लगातार प्रेरणा और बहन की पढ़ाई को देखकर अपने उत्साह में वृद्धि होने की बात शिवम कहते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोरोना काल आया तो स्कूल बंद हो गए थे, तभी आईआईटी में जाने का तय किया और गांव में ही रहकर पढ़ाई शुरू कर दी।

यूट्यूब को बनाया गुरु
शिवम ने आगे बताया कोर्स की किताबों से इतर जो पढ़ना होता या गाइडेंस की जरूरत होती तो यू-ट्यूब से लेते। 12वीं पहुंचने पर जेईई का फार्म भरा और रिजल्ट बेहतर रहा और जेईई एडवांस के लिए सलेक्ट हो गए। लोगों ने एडवांस की तैयारी के लिए कोचिंग की बात कही। लेकिन गांव में ही रहकर तैयारी करने का निर्णय किया। फिर लगातार मेहनत करते रहे। अब नतीजा आया है तो जेईई मेन्स में 1452वीं रैंक मिली है। वे इससे खुश है।

इंजीनियर बनने का सपना
शिवम बताते हैं कि उनका सपना इंजीनियर बनने का है। जब उनसे प्रशासनिक सेवा में जाने की बात कही गई तो उन्होंने अभी इंजीनियरिंग पर ही फोकस करने की बात कही। तैयारी करने वाले छात्रों के लिए उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय करके पूरी शिद्दत से अगर पढ़ाई करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी।

कोचिंग में पैसे नहीं किए बर्बाद
जिन्होंने पढ़ाई के लिए कोचिंग पर पैसे बर्बाद करने की बजाय सोशल मीडिया का पूरा फायदा उठाया। परीक्षा की तैयारी के समय उनको जो भी दिक्कत आई या जो भी टॉपिक समझ नहीं आ रहा था, उसे यूट्यूब पर सर्च करके समझ कर पढ़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications