Indore News: सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो का भव्य आगाज, महू के ‘मुतर्ज़िल’ ने टू टीथ कैटेगरी में जीता पहला स्थान
Indore MP News: मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर ने शनिवार को इतिहास रच दिया, जब यहां पहली बार दो दिवसीय सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो की भव्य शुरुआत हुई। गांधीनगर ग्राउंड में सजे इस अनूठे आयोजन ने न केवल इंदौर बल्कि पूरे प्रदेश को घुड़सवारी और घोड़ा संस्कृति के राष्ट्रीय नक्शे पर एक नई पहचान दी।
इस हॉर्स शो में देश के 7 राज्यों से आए 200 से अधिक मारवाड़ी और नूकरा नस्ल के शाही घोड़ों ने अपनी खूबसूरती, चाल और प्रशिक्षण का जलवा बिखेरा। यह आयोजन मध्य प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हो रहा है, जिसने घोड़ा प्रेमियों, ब्रीडर्स और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।

चाल, बनावट और ट्रेनिंग परखी जा रही
देवी अहिल्या हॉर्स सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस शो में घोड़ों का मूल्यांकन उनकी शान, चाल, कद-काठी, संतुलन, ट्रेनिंग और सौंदर्य के आधार पर किया जा रहा है। पहले दिन मिल्क टीथ, टू टीथ (दो दांत) और मेयर कैटेगरी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें घोड़ों की फुर्ती और दमखम देखने लायक रही।
महू के 'मुतर्ज़िल' ने जीता दिल
टू टीथ कैटेगरी में इंदौर के नाम बड़ी उपलब्धि- इंदौर के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब महू के खूबसूरत घोड़े 'मुतर्ज़िल' ने टू टीथ कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। 35 घोड़ों के बीच हुए कड़े मुकाबले में मुतर्ज़िल ने अपनी कम उम्र, संतुलित डाइट, मजबूत डील-डौल, ऊंचाई, आकर्षक चाल और बेहतरीन ट्रेनिंग से निर्णायक समिति को प्रभावित किया।
रिंग में उतरते ही मुतर्ज़िल दर्शकों और जजों के आकर्षण का केंद्र बन गया। उसकी अलग पहचान और आत्मविश्वास ने उसे प्रतियोगिता का स्टार बना दिया।
सम्मान से सजी जीत, लाल सैडल पैड और ट्रॉफी से नवाजा गया मुतर्जिल
टू टीथ कैटेगरी में जीत के बाद मुतर्ज़िल को खूबसूरत लाल सैडल पैड ओढ़ाया गया, सिर पर लाल बैच लगाया गया और उसके मालिक को ट्रॉफी, सम्मान पत्र और 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह पल दर्शकों के लिए भी गर्व और रोमांच से भरा रहा।
मेयर कैटेगरी में पंजाब की 'कुदरत' अव्वल
मेयर कॉम्पटीशन में पंजाब की घोड़ी 'कुदरत' ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उसके मालिक मो. शाहरुख को भी 21 हजार रुपए की राशि, ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
7 राज्यों से पहुंचे शाही घोड़े, गांधीनगर ग्राउंड बना अस्थायी अस्तबल
इस हॉर्स शो में मध्यप्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा सहित 7 राज्यों से घोड़े पहुंचे हैं। सभी घोड़ों के लिए विशेष अस्थायी अस्तबल बनाए गए हैं, जहां उनकी सेहत, खान-पान और आराम का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
आयोजन के लिए गांधीनगर ग्राउंड में एक मिनी स्टेडियम तैयार किया गया है, जिसमें दर्शकों के लिए गैलरी और बीच में विशेष प्रतियोगिता रिंग बनाई गई है। रिंग में केवल चयनित घोड़े और उनके मालिकों को ही प्रवेश की अनुमति है, जिससे प्रतिस्पर्धा पूरी तरह अनुशासित और प्रोफेशनल बनी रहे।
सुबह से शाम तक रोमांच, दूसरे दिन और भी मुकाबले
शनिवार को यह आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चला। दूसरे दिन भी विभिन्न कैटेगरी की प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें और भी घोड़े अपना दमखम दिखाएंगे।
इंदौर को मिली नई पहचान
सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो ने साबित कर दिया कि इंदौर अब केवल व्यापार और उद्योग का केंद्र नहीं, बल्कि घोड़ा संस्कृति, खेल और परंपरा का भी नया हब बनता जा रहा है। इस आयोजन ने प्रदेश में हॉर्स स्पोर्ट्स को नई दिशा दी है और आने वाले समय में इसे एक वार्षिक भव्य आयोजन बनाने की उम्मीद जगाई है।












Click it and Unblock the Notifications