भोपाल में लोग पीने के पानी के लिए परेशान, निगम ने लाखों गैलन पानी नाले में बहाया
भोपाल में पानी की समस्या को लेकर रविवार को महिला कांग्रेस ने निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जिसमें पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए
भोपाल,15 मई। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में विकराल रूप ले रही पानी की समस्या को लेकर मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने माता मंदिर चौराहे पर नगर निगम कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मटके फोड़े, पानी भरने के बर्तन फेंके और सरकार व निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पानी के लिए क्यों परेशान है भोपाल वासी ?
राजधानी में पेयजल सप्लाई लाइन की रिपेयरिंग के चलते वाटर सप्लाई शट डाउन है। ऐसे में पूरे शहर में पानी के लिए लोग परेशान हो रहे है। एक तरफ पाइप लाइन की सफाई के बहाने लाखों गैलन पानी रिवेरा टाउनशिप के पास नाले में बाहर जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ लोग नाले में उतरकर गंदा पानी भरने को मजबूर है। राजधानी भोपाल में जब लोग नाले में उतर कर पानी भरने को विवश हैं तो फिर बाकी दूर - दराज के क्षेत्रों में क्या हाल हो रहा होगा ,यह बहुत बड़ा सवाल है और भीषण समस्या है। प्रदेश सरकार हर साल पानी की समस्या के निराकरण के लिए बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन गर्मी के मौसम में ये सारे दावे फेल हो जाते हैं।

कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा पहुंचे मौके पर
रिवेरा टाउनशिप के पास नाले में बहाये जा रहे पानी की सूचना मिलने पर कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा और कांग्रेस नेता गुड्डू चौहान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वाटर सप्लाई लाइन का काम करने वाली टाटा कंपनी के कर्मचारियों की जमकर क्लास ली। थोड़ी देर बाद वहां नगर निगम के चीफ इंजीनियर जेड वाई खान भी पहुंच गए। इंजीनियर ने सफाई देते हुए बताया कि पाइप लाइन की वॉशिंग के कारण गंदा पानी बहाया जा रहा है। इसके बाद जल आपूर्ति को लेकर चीफ इंजीनियर और कांग्रेस नेता गुड्डू चौहान में जमकर बहस हो गई।

कड़कती धूप में डिब्बे लेकर पानी खोजने को मजबूर है जनता
शहर में रविवार सुबह से कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई होनी थी। लेकिन पानी की सप्लाई नहीं हो पाई शहर के कई इलाकों में लोग पानी के डिब्बे लेकर पानी खोजते नजर आए। कई घरों में तो पैसे देकर टैंकरों से पानी मंगाया जा रहा है। भोपाल में जल संकट के चलते प्राइवेट पानी बेचने वालों को जमकर मुनाफा हो रहा है। ट्रैक्टर टैंकर से पानी सप्लाई करने वाले एक टैंकर पानी सप्लाई का 2 से ढाई ₹4 ले रहे हैं।

इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं होने से लोग परेशान
भोपाल के अरेरा कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी, हबीबगंज ,11 सौ क्वार्टर, जनता क्वार्टर, मीरा नगर,चार इमली, पंचशील नगर, प्लेटिनम प्लाजा, शास्त्री नगर,जवाहर चौक,जवाहर बाल उद्यान, किन्नौरी, मोती मस्जिद, वहीदिया टंकी, निशातपुरा, पुरानी मल्टी, पुराना बस स्टैंड, बालविहार, काजी कैंप, नेहरू नगर, वैशाली नगर कोट्रा शासकीय आवास, बगीरा अपार्टमेंट, साउथ टीटी नगर, 288 क्वार्टर, अंबेडकर नगर,सरस्वती नगर 50 वीं बटालियन, गीतांजलि कंपलेक्स, संजय कांपलेक्स,शाहपुरा, त्रिलंगा, एक्सटेंशन, गोरा गांव खेड़ी, शाहपुरा छावनी, इस्लामपुर रोड, नदीम रोड लखेरापूरा इलाकों में पानी की सप्लाई होने थी, लेकिन सप्लाई नहीं हो सकी।












Click it and Unblock the Notifications