Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

MP News: कौन हैं IAS क्षितिज सिंघल और कैसे बने इंदौर के नए निगम आयुक्त? जानिए पूरी कहानी

इंदौर नगर निगम को शनिवार को नया आयुक्त मिल गया है। दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मचे प्रशासनिक और राजनीतिक घमासान के बीच राज्य सरकार ने शुक्रवार देर रात निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव का तबादला कर दिया और 2014 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक क्षितिज सिंघल शनिवार को ही अपना कार्यभार संभाल सकते हैं। देश के सबसे स्वच्छ शहर कहे जाने वाले इंदौर में यह नियुक्ति केवल एक ट्रांसफर नहीं, बल्कि एक बड़े संदेश के तौर पर देखी जा रही है कि सरकार अब सख्ती और जवाबदेही के मूड में है।

Who is IAS Kshitij Singhal and how did he become Indore new Municipal Commissioner

तेजतर्रार छवि वाले अफसर हैं क्षितिज सिंघल

IAS क्षितिज सिंघल को मध्यप्रदेश प्रशासनिक गलियारों में एक सख्त, बेबाक और परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वे निर्णय लेने में तेजी और नियमों के पालन को लेकर अक्सर चर्चा में रहे हैं। उनकी कार्यशैली ऐसी मानी जाती है कि कई बार वह जनप्रतिनिधियों को भी असहज कर देती है। यही वजह है कि उनकी पोस्टिंग को इंदौर जैसे बड़े और संवेदनशील नगर निगम में सरकार का बड़ा दांव माना जा रहा है, जहां प्रशासनिक संतुलन और राजनीतिक दबाव दोनों साथ-साथ चलते हैं।

उज्जैन नगर निगम और बिजली कंपनी का अनुभव

इंदौर से पहले क्षितिज सिंघल उज्जैन नगर निगम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने बिजली कंपनी में भी सेवाएं दी हैं, जहां उपभोक्ता समस्याओं और सिस्टम सुधार से जुड़े फैसलों में उनकी भूमिका अहम रही। शहरी प्रशासन, आधारभूत सुविधाएं और सार्वजनिक सेवाओं का यह अनुभव इंदौर जैसे महानगर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर तब जब नगर निगम सवालों के घेरे में हो।

IAS दंपती: पत्नी शीतला पटले भी अफसर

क्षितिज सिंघल की निजी जिंदगी भी प्रशासनिक दुनिया में चर्चा का विषय रही है। उनकी पत्नी शीतला पटले भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सिवनी की कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं। दोनों को एक प्रभावशाली IAS दंपती के रूप में देखा जाता है। प्रशासनिक हलकों में यह माना जाता है कि दोनों की सोच और कार्यशैली एक-दूसरे को मजबूती देती है।

कोर्ट मैरिज से सुर्खियों में आए थे

कुछ साल पहले क्षितिज सिंघल और शीतला पटले उस समय सुर्खियों में आ गए थे, जब दोनों ने 1 जनवरी को बिना किसी मुहूर्त के कोर्ट मैरिज की थी। यह फैसला उस समय सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना था। इसे पारंपरिक सोच से अलग, व्यावहारिक और आधुनिक नजरिए का उदाहरण माना गया।

दूषित पानी कांड के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

इंदौर में दूषित पानी से 15 लोगों की मौत के बाद सरकार पर जबरदस्त दबाव बना। इसके बाद निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव को हटाया गया, एडिशनल कमिश्नर रोहित सिसोनिया को कारण बताओ नोटिस देकर स्थानांतरित किया गया और नगर निगम में तीन नए आईएएस अधिकारियों - आकाश सिंह, प्रखर सिंह और आशीष पाठक - की नियुक्ति की गई। इसी क्रम में अब क्षितिज सिंघल को नगर निगम का सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मा सौंपा गया है।

सबसे छोटा कार्यकाल रहा पूर्व आयुक्त का

गौरतलब है कि पूर्व निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव का कार्यकाल इंदौर नगर निगम के इतिहास में सबसे छोटा रहा। उनकी नियुक्ति 9 सितंबर को हुई थी और महज करीब चार महीने में ही उन्हें पद से हटा दिया गया। दूषित पानी कांड ने उनके कार्यकाल पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया।

इंदौर के लिए चुनौती और उम्मीद

अब सभी की निगाहें नए आयुक्त क्षितिज सिंघल पर टिकी हैं। दूषित पानी से मौतों, सिस्टम की खामियों, जवाबदेही तय करने और जनता का भरोसा लौटाने जैसी बड़ी चुनौतियां उनके सामने हैं। वहीं, उनकी सख्त छवि और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह उम्मीद भी की जा रही है कि इंदौर नगर निगम में अब कड़े फैसले, पारदर्शिता और सुधार की शुरुआत होगी।

देश के सबसे स्वच्छ शहर की छवि पर लगे दाग को साफ करना आसान नहीं होगा, लेकिन IAS क्षितिज सिंघल की एंट्री को सरकार और प्रशासन दोनों के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+