एनसीईआरटी की किताबें पढ़कर एम्स के रिजल्ट में 8वीं रैंक ले आया होशंगाबाद का राघव दुबे
भोपाल। प्रतियोगी परीक्षाओं में अक्सर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसन्धान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की किताबों को कम तवज्जो देते हैं, मगर इस मामले में मध्य प्रदेश के होशंगाबाद के राघव दुबे ने कमाल कर दिखाया है। राघव ने एनसीईआरटी की किताबों से तैयारी कर कामयाबी हासिल कर ली है।

हाल ही जारी एम्स रिजल्ट में ऑल इंडिया स्तर पर राघव ने आठवीं रैंक हासिल की है। राघव दुबे का मानना है कि एनसीईआरटी की किताबों भी तैयारी के लिहाज से सही हैं। दूसरी अन्य किताबों की मदद लेना वक्त और पैसों दोनों की बर्बादी है।
कोटा में की तैयारी
राघव प्रतिभावान छात्र रहा है। इस उपलब्धि से पहले इसने नीट परीक्षा-2019 में 10वीं रैंक हासिल की थी। राघव के पिता हर्षित दुबे बिजनेसमैन और मां रश्मि होममेकर हैं। एम्स के एग्जाम को पास करने का ख्वाब लेकर कोटा गया था। वहां रोजाना 7 से 8 घंटे तक एनसीईआरटी की किताबों से तैयारी की। राघव का मानना है कि स्टूडेंट्स अक्सर कोर्स के बाहर की किताबें तलाशते हैं और उन्हें समझने का प्रयास करते हैं। इसमें काफी टाइम वेस्ट हो जाता है। इस कारण वह एग्जाम में परफॉर्म नहीं कर पाते हैं।
धोनी-शर्मा के खेल से प्रभावित
राघव ने बताया कि 2015 के वर्ल्ड कप से ही वह टीम की टीशर्ट पहनकर मैच देखते हैं। क्रिकेट की तरह ही उन्हें फुटबॉल देखने का भी शौक है। फुटबाल में रोनाल्डो उनके पसंदीदा प्लेयर हैं। क्रिकेट में वे एमएस धोनी और रोहित शर्मा के खेल से प्रभावित है। राघव क्रिकेट और फुटबॉल के भी शौकीन हैं। जब भी भारत का वन डे मैच होता है तो वे टीम इंडिया की यूनिफार्म पहनकर ही मैच देखते हैं। रविवार को अपने घर पहुंचे राघव ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया और इंडिया के मैच के लिए उन्होंने पहले से इंडिया टीम की टी शर्ट मंगा ली थी।












Click it and Unblock the Notifications