कोई भी अपराधी अब मध्य प्रदेश में शरण लेगा तो उसे हम भून देंगे-नरोत्तम मिश्रा
भोपाल। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि प्रदेश में दिग्विजय सिंह की सरकार के समय में ग्वालियर-चंबल में डाकुओं का आतंक हुआ करता था। आए दिन नक्सली घटनाएं होती थी। सिमी तक का आतंक था, लेकिन मध्य प्रदेश में अब 'शिव' का 'राज' है। इसमें नक्सलियों, आतंकियों और डाकुओं पर नकेल कसी गई है।
गुरुवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत में नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा 'हमें नक्सल गतिविधियों में बड़ी सफलता मिली है। नक्सल गतिविधियों पर विराम और हमारा अभियान समानांतर चल रहे हैं। एक दौर था, वो शायद दिग्विजय सिंह का था, जब पूरे प्रदेश में अशांति थी। कोई भी अपराधी अब मध्य प्रदेश में शरण नहीं ले पाएगा, हम भून देंगे'
कानून और शांति व्यवस्था के अलावा गृहमंत्री मिश्रा कृषि कानूनों पर भी बोले। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कई बार कह चुकी है कि मंडियां और न्यूनतम समर्थन मूल्य बंद नहीं होगा, बावजूद इसके कुछ लोग आंदोलन को हवा दे रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाकर माहौल बनाया और फिर देश में CAA और NRC के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। कुछ इसी तरह का भ्रम कृषि कानूनों को लेकर भी बनाया जा रहा है।