MP News: भोपाल में नकली नोटों का खुलासा, डिलीवरी बॉय की आड़ में चला रहा था फर्जी करेंसी का खेल, नोटों का जखीरा
Bhopal News: राजधानी भोपाल में शुक्रवार रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब वाहन चेकिंग के दौरान निशातपुरा पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ा जो स्विगी डिलीवरी बॉय की आड़ में नकली नोटों का कारोबार चला रहा था।
आरोपी की पहचान जाकिर खान के रूप में हुई है, जो कोहेफिजा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक बाजार में करीब ₹40,000 के नकली नोट खपा चुका है।

नकली नोट खुद घर में करता था प्रिंट
आश्चर्य की बात यह रही कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से नहीं, बल्कि खुद के घर में बैठकर नकली नोटों की प्रिंटिंग करता था। उसके घर से कम्प्यूटर, प्रिंटर और सैकड़ों की संख्या में 50 और 100 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बीते 6 महीनों से इस काम में लगा हुआ था।
पुलिस को देखकर भागा, तभी हुआ शक
एसीपी रिचा जैन ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जब पुलिस चेकिंग कर रही थी, तब एक एक्टिवा सवार युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी तलाशी में कुछ नकली नोट मिले, जिसके बाद उसे थाने लाकर गहन पूछताछ की गई।
घर में छुपा था नकली नोटों का अड्डा
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके घर में बड़ी मात्रा में नकली नोट और नोट छापने की मशीनें रखी हुई हैं। पुलिस ने शनिवार सुबह उसके घर पर छापेमारी की, जहां से ₹100 के 72 नकली नोट और ₹50 के 59 नकली नोट, प्रिंटर, कंप्यूटर और प्रिंटिंग पेपर जब्त किए गए।
सिर्फ छोटे नोट, ताकि आसानी से चला सके
पुलिस की पूछताछ में जाकिर ने बताया कि वह सिर्फ 50 और 100 रुपए के नोट ही छापता था क्योंकि छोटे नोटों पर दुकानदार जल्दी शक नहीं करते और उन्हें आसानी से बाजार में चला दिया जा सकता है। वह किराना, चाय की दुकानों और छोटे व्यापारियों से लेन-देन में इन नोटों का इस्तेमाल करता था।
MP News: एफआईआर दर्ज, अन्य कनेक्शन की जांच जारी
पुलिस ने जाकिर खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह किसी गिरोह से जुड़ा था, या फिर उसने नकली नोट किसी और को बेचे भी हैं। सब इंस्पेक्टर अहिरवार के अनुसार, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या नकली करेंसी का जाल भोपाल से बाहर भी फैला हुआ है।
MP News: जनता को चेतावनी: सतर्क रहें, नोट जांचें
भोपाल पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे नकद लेन-देन के समय नोटों की जांच जरूर करें, खासकर 50 और 100 रुपए के नोटों की। यदि किसी को संदिग्ध नोट मिलता है तो तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबर पर इसकी सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications