MP उपचुनाव 2020 : कमलनाथ के बाद अब BJP प्रत्याशी इमरती देवी को भी चुनाव आयोग का नोटिस
भोपाल। मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 में मतदान के चंद दिन शेष रह गए हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा-कांग्रेस पूरी ताकत लगा रखी है। इस बीच मंगलवार को मध्य प्रदेश उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। उनसे 48 घंटे में नोटिस का जवाब मांगा गया है।
बता दें कि मध्य प्रदेश उपचुनाव में पूर्व सीएम कमलनाथ ने इमरती देवी को लेकर 'आइटम' का विवादित बयान दिया था, जिस पर चुनाव आयोग ने कमलनाथ को भी नोटिस दिया। वहीं, आइटम वाले विवादित बयान के जवाब में इमरती देवी ने कहा था कि 'वो बंगाल का आदमी है।
मध्य प्रदेश में आया सिर्फ मुख्यमंत्री बनने के लिए। उसे बोलने की सभ्यता नहीं है तो उस व्यक्ति को क्या कहा जाए? वो मुख्यमंत्री पद से हट गया तो पागल हो गया। अब पागल बनकर पूरे प्रदेश में घूम रहा है तो उसका हम क्या कर सकते हैं। वह कुछ भी कह सकता है। मेरे प्रदेश का आदमी नहीं है। उसकी मां और बहन बंगाल की आइटम होंगी तो हमें ये पता थोड़ी है।'
'आइटम' वाले बयान पर कमलनाथ को चुनाव आयोग का नोटिस, हाईकोर्ट ने दिया FIR का आदेश