दतिया में दरिंदगी की वारदात, घायल मिली युवती से दुष्कर्म, अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज; चार टीमें जांच में जुटीं
Datia News: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मोहना हनुमान मंदिर के पास जंगल में घायल अवस्था में मिली युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हुई हैं।

पीतांबरा माता के दर्शन के बहाने जंगल ले गया आरोपी
एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि पीड़िता ने बयान में खुलासा किया है कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे बाइक से पीतांबरा माता के दर्शन कराने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। रास्ते में आरोपी उसे मोहना हनुमान मंदिर के पास स्थित जंगल की ओर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी युवती को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।
रविवार शाम से लापता थी युवती, देर रात दर्ज हुई गुमशुदगी
कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय अविवाहित युवती, जो मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है, रविवार शाम करीब सात बजे रिंग रोड स्थित गुर्जा हनुमान मंदिर पर दर्शन करने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। आसपास काफी तलाश के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद रात करीब 11 बजे कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
घने कोहरे में जंगल के पास घायल मिली युवती
सोमवार सुबह घने कोहरे के बीच परिजन युवती की तलाश करते हुए भांडेर रोड स्थित मोहना हनुमान मंदिर के आगे पहुंचे। वहीं, भुता के जंगल के बाहर सड़क किनारे युवती घायल अवस्था में बैठी मिली। उसके चेहरे और शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट था कि उसके साथ गंभीर हिंसा हुई है। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
जंगल में चला सघन सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिस स्थान पर युवती मिली थी, वहां से करीब एक किलोमीटर अंदर तक जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने आसपास के रास्तों, झाड़ियों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे, मुखबिर तंत्र सक्रिय
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। चार अलग-अलग पुलिस टीमों को गठित कर संभावित आरोपियों, संदिग्ध बाइक सवारों और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
एसडीओपी आकांक्षा जैन ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद दतिया शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जंगल और मंदिर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पुलिस प्रशासन पर जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने का दबाव बढ़ता जा रहा है। फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications